IndiaUttar Pradesh

सोनभद्र में आवारा कुत्तों का आतंक…पेड़ के नीचे खेल रहे पांच बच्चों पर किया हमला, तीन की हालत गंभीर

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवा गांव में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक कुत्ते ने खेल रहे बच्चों पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में पांच बच्चे घायल हो गए. सभी घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

सोनभद्र में आवारा कुत्तों का आतंक…पेड़ के नीचे खेल रहे पांच बच्चों पर किया हमला, तीन की हालत गंभीर

जानकारी के अनुसार, दीवा गांव के कुछ बच्चे गांव में एक पेड़ के नीचे खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चों पर हमला बोल दिया. कुत्ते ने एक के बाद एक कई बच्चों को काट लिया, जिससे मौके पर चीखपुकार मच गई. बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठीडंडे लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया. इसके बाद घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.

पांच बच्चों पर किया हमला

घटना में दीवा गांव निवासी परी पुत्री फिरोज, उसकी बहन सोफिया , विशाल पुत्र रामनिहोर, पुनाखा गांव निवासी आकृति पुत्री अरविंद पाल तथा डोमखरी गांव निवासी सत्यम पाल पुत्र गुड्डू घायल हो गए. सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार सीएचसी घोरावल में किया गया.

चिकित्सकों ने जांच के बाद विशाल, आकृति और सत्यम की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि परी और सोफिया का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. डॉक्टरों ने सभी घायलों को एंटीरेबीज वैक्सीन एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया.

लोगों में नाराजगी

घटना के बाद दीवा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे आवारा और हिंसक कुत्तों को पकड़ने की मांग की है. उनका कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है. लोगों ने पशुपालन विभाग और स्थानीय प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर ऐसे कुत्तों को पकड़ने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply