
बागपत जिले के बिनौली इलाके के बिजवाड़ा गांव में एक शर्मनाक घटना हुई है. जिस पत्नी से उसने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया था, उसी पर अपने पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है.
Baghpat Wife Burned Husband Alive: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली इलाके के बिजवाड़ा गांव में एक शर्मनाक घटना हुई है. जिस पत्नी से उसने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया था, उसी पर अपने पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है.
आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते हुए पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. बुरी तरह झुलसे पति ने छह दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार मेरठ के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया.
क्या है पूरा मामला?
बिजवाड़ा गांव का रहने वाला राजीव उर्फ काला अपने परिवार के साथ रहता था. 21 जून की रात घर में सब कुछ नॉर्मल था, लेकिन देर रात एक ऐसी भयानक घटना हुई जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. आरोप है कि जब राजीव गहरी नींद में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी निशा उर्फ नीशू ने उसी गांव के रहने वाले विक्रांत के साथ मिलकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.
जब राजीव की नींद खुली तो उसने खुद को जलता हुआ पाया. दर्द से चीखते हुए वह घर से बाहर भागा. उसकी चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई. उसके परिवार वाले उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और मेरठ रेफर कर दिया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया
घटना के बाद पुलिस ने राजीव का बयान भी दर्ज किया. परिवार की शिकायत के आधार पर बिनौली थाने में उसकी पत्नी निशा और विक्रांत के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
इस बीच, छह दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार राजीव ने दम तोड़ दिया. उसकी मौत के बाद केस में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है.
भाई ने आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की
राजीव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिवार का आरोप है कि भरोसे के रिश्ते ने राजीव की जान ले ली. मृतक के भाई सचिन ने आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है. उसका कहना है कि जिस तरह से उसके भाई को जलाया गया, वह किसी को भी झकझोर कर रख देगा. इंस्पेक्टर आरके शर्मा का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी



