IndiaUttar Pradesh

बहू से अवैध संबंध के शक में ससुर ने युवक को उतारा मौत के घाट, बिजनौर के इस गांव में तनाव

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मर्यादा और रिश्तों को ताक पर रखकर एक खूनी वारदात को अंजाम दिया गया. मंडावर थाना क्षेत्र के कोहरपुर गांव में एक ससुर ने अपने ही बेटे की पत्नी और पड़ोसी युवक के बीच कथित प्रेम प्रसंग से नाराज होकर युवक की सरेआम हत्या कर दी. मृतक की पहचान 23 वर्षीय बिट्टू कश्यप के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी ससुर सुरेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है.

बहू से अवैध संबंध के शक में ससुर ने युवक को उतारा मौत के घाट, बिजनौर के इस गांव में तनाव

सरेआम रास्ते में रोककर चाकू से गोदा

घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है. बिट्टू कश्यप अपने चचेरे भाई आशु के साथ गांव की ही एक दुकान पर सामान लेने जा रहा था. तभी रास्ते में पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान और उसके दो बेटों, अनित और नीटू ने बिट्टू को रोक लिया. बिट्टू और सुरेंद्र के बीच पहले तीखी बहस और गालीगलौज हुई.

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी सुरेंद्र के दोनों बेटों अनित और नीटू ने बिट्टू को कसकर पकड़ लिया और सुरेंद्र ने अपने पास रखे चाकू से बिट्टू के सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. बिट्टू के भाई आशु ने बीचबचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी हमला करते रहे. हमले के बाद बिट्टू खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस पूछताछ में ससुर का कबूलनामा

शुरुआती जांच में पुलिस इसे मामूली विवाद या पुरानी रंजिश मान रही थी, लेकिन मुख्य आरोपी सुरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद मामले में चौंकाने वाला मोड़ आया. आरोपी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि बिट्टू उसके खेतों पर मजदूरी करने आता था. इसी दौरान उसकी बहू और बिट्टू के बीच नजदीकियां बढ़ीं.

बारबार दी थी चेतावनी

सुरेंद्र का दावा है कि उसने दोनों को कई बार समझाने की कोशिश की थी और बिट्टू को अपनी बहू से दूर रहने की सख्त हिदायत दी थी, लेकिन वह नहीं माना. दोबारा साथ देखने पर फूटा गुस्सा फूट गया और रविवार सुबह इसी बात को लेकर फिर से कहासुनी हुई और गुस्से में आकर सुरेंद्र ने अपने बेटों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी.

घर पर लिखा ‘मकान बिकाऊ है’

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे कोहरपुर गांव में तनाव फैल गया. नाराज परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. सुरक्षा के लिहाज से गांव में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.

इतना ही नहीं, सुरक्षा और न्याय न मिलने की आशंका जताते हुए पीड़ित परिवार ने विरोध स्वरूप अपने घर की दीवारों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ लिख दिया और गांव छोड़ने का एलान कर दिया. पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन और रात में आरोपी सुरेंद्र के मकान की दीवार बुलडोजर से गिराने के बाद परिजन शांत हुए और बिट्टू का अंतिम संस्कार किया जा सका.

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश

एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता चरण सिंह की तहरीर पर मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान और उसके दो बेटों अनित व नीटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र को जेल भेज दिया है, जबकि उसके फरार चल रहे दोनों बेटों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply