Mirzapur School Wall Collapses: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सरकारी स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से एक मासूम छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद स्कूल में अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई थी. स्कूल के प्रिंसिपल ने घायल छात्र तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. स्थानीय पुलिस का कहना है कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई की जाएगी.

मिर्जापुर के संत नगर थाना क्षेत्र के बहरछठ प्राइमरी स्कूल में मंगलवार एक दर्दनाक हादसा हो गया. बहन के साथ पढ़ने गए पहली क्लास के छात्र पर खेलते समय जर्जर बाउंड्री वॉल गिर गई. बताया जा रहा बहरछठ गांव के रहने वाले सोनू की बेटी कंचन और बेटा महेश गांव के ही स्कूल में पढ़ने गए थे. बेटा शौचालय के पास बाउंड्री वॉल पर खेल रहा था, अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें दबने से महेश गंभीर रुप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान छात्र की मौत
प्रिंसिपल अर्जुन घायल को लेकर तत्काल पटेहरा अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टर महेंद्र चौधरी ने प्राथमिक उपचार देने के बाद छात्र की हालत गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया. यहां महेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया. छात्र महेश की मौत से मां गुंजा देवी और पिता सोनू का रोरोकर बुरा हाल है.स्कूल के प्रिंसिपल अर्जुन पटेल बताया कि खेलते समय दीवार गिर गई थी.
स्कूल परिवार ने छीनी जिंदगी
दीवार के नीचे दबने से महेश घायल हो गया. अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस पूरे मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है. संत नगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है. सूचना मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी. ये घटना स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही को उजागर करती है, जिसने एक ही परिवार का मासूम छीन लिया.



