
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके से एक ऐसी फिल्मी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है। यहां शादी रचाने आए राजस्थान के एक सीधे-साधे परिवार को लुटेरी दुल्हन गैंग ने अपने जाल में ऐसा फंसाया कि शादी की खुशियां पल भर में ही खौफ और बदनामी के डर में बदल गईं। गिरोह ने पहले तो बड़े ही शातिराना अंदाज में शादी का पूरा ड्रामा रचाया, लेकिन जैसे ही स्टेज पर जयमाल (वरमाला) की रस्म पूरी हुई, अचानक नकली पुलिस बनकर पहुंचे बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक जैसा बनाकर लाखों रुपये लूट लिए।
हरियाणा के बिचौलिए ने बुना जाल, राजस्थान से गोरखपुर पहुंचा परिवार
कलयुगी ठगी की यह हैरान कर देने वाली दास्तान राजस्थान के कोटा से शुरू होती है। कोटा के रहने वाले मुकेश मीणा अपने भाई ब्रह्ममोहन मीणा की शादी के लिए काफी समय से एक अच्छी लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क हरियाणा के रहने वाले राजू शर्मा नाम के एक कथित बिचौलिए से हुआ। राजू ने मुकेश को जाल में फंसाने के लिए गोरखपुर की रहने वाली तीन लड़कियों की खूबसूरत तस्वीरें भेजीं। फोटो पसंद आने के बाद शादी की बात पक्की हुई और लड़की वालों के बुलावे पर भरोसा करके पूरा मीणा परिवार शादी रचाने के लिए गोरखपुर पहुंच गया।
वरमाला डलते ही सिंघम स्टाइल में नकली दरोगा की एंट्री
पीड़ित परिवार जैसे ही तय जगह पर पहुंचा, इस शातिर गैंग का मास्टरमाइंड अंकुर सिंह पूरी तरह एक्टिव हो गया। उसने साजिश के तहत एक स्थानीय महिला को लड़की की नकली मौसी बनाकर पेश किया ताकि किसी को शक न हो। शहनाइयों की गूंज के बीच दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर आए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। अभी दूल्हे के परिवार वाले राहत की सांस ले ही रहे थे कि अचानक वहां ‘पुलिस की रेड’ पड़ गई। सब दंग रह गए जब गिरोह का सरगना अंकुर सिंह खुद सब-इंस्पेक्टर (SI) की वर्दी पहनकर दरोगा के रूप में धमक पड़ा। उसके साथ तीन अन्य साथी भी सिपाही और होमगार्ड की वर्दी में मुस्तैद थे।
जेल भेजने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देकर की वसूली
इन नकली पुलिसवालों ने आते ही शादी को पूरी तरह अवैध और लड़की को नाबालिग बताते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। नकली दरोगा ने रौब झाड़ते हुए दूल्हे और उसके भाई को तुरंत हवालात में डालने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। अजनबी शहर, कानूनी पचड़े और समाज में थू-थू होने के डर से राजस्थान से आया परिवार बुरी तरह सहम गया और हाथ-पैर जोड़ने लगा। बदमाशों ने इसी डर का पूरा फायदा उठाया और मामले को मौके पर ही रफा-दफा करने के एवज में लाखों रुपये की मोटी रकम वसूली। इसके बाद वे दुल्हन को भी अपने साथ ‘कस्टडी’ में लेने का नाटक कर रफूचक्कर हो गए।
राजस्थान से गोरखपुर तक एक्शन: दुल्हन समेत 8 शातिर गिरफ्तार
बदमाशों के जाने के बाद जब पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने पैरों तले जमीन खिसकने के बाद राजस्थान लौटकर तुरंत जीरो FIR दर्ज कराई। चूंकि घटनास्थल गोरखपुर का था, इसलिए केस डायरी चिलुआताल पुलिस स्टेशन ट्रांसफर की गई। गोरखपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जाल बिछाया और गैंग के सरगना अंकुर सिंह उर्फ नकली दरोगा सहित कुल 8 शातिर अपराधियों को दबोच लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार होने वालों में वह दुल्हन (नीलम) भी शामिल है, जिसने कुछ घंटों पहले स्टेज पर बड़े प्यार से वरमाला डाली थी।
पुलिस की सख्त चेतावनी: अनजान बिचौलियों से रहें सावधान
चिलुआताल पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह है, जो दूसरे राज्यों (जैसे राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा) के अमीर या जरूरतमंद लड़कों को शादी का झांसा देकर यूपी बुलाता है और फिर फर्जी पुलिसिया रेड का नाटक कर लाखों रुपये वसूलता है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया या अनजान बिचौलियों के जरिए शादी तय करने से पहले लड़की और उसके परिवार के बैकग्राउंड की पूरी जांच-पड़ताल ज़रूर कर लें, ताकि कोई और इसका शिकार न बने।



