दौसा : राजस्थान के दौसा जिले में दिल्लीमुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं।

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब एक घंटे तक जलती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। एक महिला अपने घायल बच्चे के इलाज के लिए डॉक्टरों से गुहार लगाती नजर आई।
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और आग लगने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक केवल नौ घायलों की पहचान हो सकी है। अन्य यात्रियों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास जारी है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि दौसा में दिल्लीमुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति, शोक संतप्त परिवारों को संबल तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



