Gwalior Ajab Gajab Bride: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. यहां शादी के अगले ही दिन एक नईनवेली दुल्हन सुहागरात के बाद फिल्मी स्टाइल में ससुराल से रफूचक्कर हो गई. घर में सुरक्षा के लिहाज से चारों तरफ ताले लगे थे, लेकिन दुल्हन ने भागने के लिए अपनी जान की भी परवाह नहीं की. वह दो मंजिला मकान की छत से स्पाइडरमैन की तरह ग्रिल पर लटकी और गहनेनकदी समेटकर फरार हो गई. इस घटना के बाद सहमे दूल्हे ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि यह लड़की आगे चलकर उसकी जान ले सकती है.

मुरैना के झुंडपुरा की रहने वाली नम्रता जोशी की शादी 29 जून को ग्वालियर जिले के जरगांव निवासी जितेंद्र जोशी से हुई थी. शादी के बाद बड़ी धूमधाम से विदाई हुई. दोस्त और रिश्तेदार बारात में जमकर नाचे थे. नम्रता रोते हुए अपने मायके से विदा होकर ससुराल पहुंची थी. लेकिन किसे पता था कि यह आंसू किसी बड़ी साजिश का हिस्सा थे.
ससुराल में सिर्फ एक रात बिताने के बाद 30 जून की सुबह करीब 4 बजे नम्रता ने खौफनाक कदम उठाया. वह दबे पांव दूसरी मंजिल की छत पर पहुंची. वहां से उसने करीब 23 फीट नीचे पड़ोसी की छत पर छलांग लगा दी. इसके बाद वह एक मंजिला मकान की छत पर आई और लोहे की ग्रिल से मकड़ी की तरह लटककर सड़क पर उतरी और कुछ ही मिनटों में गायब हो गई.
CCTV में कैद हुई दुल्हन, घर से गहने भी साफ
सुबह जब दूल्हे जितेंद्र की आंख खुली, तो दुल्हन गायब थी. काफी तलाश करने के बाद जब गांव के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो नम्रता सुबह के अंधेरे में तेजी से भागती हुई दिखाई दी. छानबीन में पता चला कि वह घर से कीमती जेवर और नकदी भी अपने साथ समेट ले गई है. जितेंद्र तुरंत अपने परिजनों के साथ विश्वविद्यालय थाने पहुंचा. पुलिस ने जब दुल्हन के पिता हीरालाल जोशी को फोन किया, तो वे बेटी को अपने साथ लेकर थाने पहुंच गए.
दुल्हन बोली ‘साथ रहना है’, दूल्हे ने किया साफ इनकार
थाने पहुंचने पर नम्रता के पिता और भाई ने उसे काफी समझाया, जिसके बाद नम्रता ने यूटर्न लेते हुए अपने पति जितेंद्र के साथ जाने की इच्छा जताई. लड़की के परिवार ने दूल्हे पर दबाव भी बनाया, जिससे थाने में काफी देर तक तीखी बहस हुई. लेकिन दूल्हा जितेंद्र अपनी बात पर अड़ा रहा. जितेंद्र ने साफ शब्दों में कहा, “जिसने शादी के कुछ घंटों बाद ही पूरे समाज में मेरी बदनामी कर दी, नकदीजेवर लेकर छत से कूदकर भाग गई, वह आगे चलकर मेरे टुकड़ेटुकड़े कर देगी. यह मेरी जान के लिए बड़ा खतरा है, मैं इसे अपने साथ कभी नहीं रखूंगा.”
दूल्हा बोला ‘ससुराल वाले पेशेवर अपराधी की तरह’
पीड़ित जितेंद्र जोशी ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर अपने और परिवार के लिए सुरक्षा मांगी है. जितेंद्र का आरोप है कि नम्रता और उसके मायके वाले पेशेवर अपराधियों की तरह बर्ताव कर रहे हैं और उस पर हमला करवा सकते हैं. जितेंद्र ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में अगर उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदार उसकी पत्नी नम्रता, ससुर और साला होंगे. फिलहाल, पुलिस इस अनोखे और संवेदनशील मामले की गहराई से जांच कर रही है.

/newsnation/media/media_files/2026/06/25/major-drop-in-petrol-and-diesel-2026-06-25-14-59-48.jpg)
