Nigeria School Kidnapping : नाइजीरिया के अशांत पूर्वोत्तर क्षेत्र से एक बेहद ही अहम खबर सामने आ रही है। बोर्नो प्रांत में भारी हथियारों से लैस बंदूकधारियों ने एक स्कूल पर धावा बोलकर 36 छात्रछात्राओं और तीन शिक्षकों का अपहरण कर लिया है। इस कायराना हमले में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राधिकारियों ने मंगलवार को इस बड़े हमले की आधिकारिक पुष्टि की है। जानकारी के लिए बता दें कि यह हमला सोमवार को बोर्नो प्रांत के अस्किराउबा क्षेत्र स्थित ‘लासा डे सेकेंडरी स्कूल’ में हुआ। हमले में कम से कम एक शिक्षक की मौत हो गई।

बोर्नो के गवर्नर के प्रवक्ता दाऊदा इलिया ने एक बयान में बताया कि हमले के दौरान 25 छात्राओं, 11 छात्रों और तीन शिक्षकों को अगवा कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गवर्नर बाबागाना जुलुम ने वरिष्ठ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को इलाके में भेजा है। बोर्नो के शिक्षा आयुक्त लवान अब्बा वकीलबे ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अधिकारी बंधक बनाए गए छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी के लिए सुरक्षा एजेंसियों और समुदाय के नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
जिस समय हमला हुआ उस समय छात्र माध्यमिक विद्यालय की अंतिम परीक्षाएं दे रहे थे। इन विद्यार्थियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच है। किसी भी समूह ने हमले की फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि क्षेत्र में सशस्त्र समूहों के विद्रोह के कारण हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
पूर्वोत्तर नाइजीरिया और लेक चाड क्षेत्र में आतंकवादी संगठन बोको हराम तथा उससे अलग हुआ गुट ‘इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रॉविंस’ सक्रिय हैं। इसी महीने की शुरुआत में नाइजीरियाई सेना ने नगोशे कस्बे से बोको हराम द्वारा अगवा किए गए 300 से अधिक लोगों को मुक्त कराया था।


