
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती को लेकर विवाद सामने आया है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाने का आरोप लगाते हुए दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद में युवक-युवती को लेकर विवाद
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता एक किराए के मकान पर पहुंचे। जहां उन्होंने एक युवक और युवती को पुलिस के हवाले कर दिया। संगठन का आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवती से संबंध बनाए। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
युवक-युवती कमरे में मिले
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक युवक और युवती विजयनगर क्षेत्र के एक किराए के कमरे में रह रहे हैं। सूचना मिलने पर संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। दोनों कमरे के अंदर मिले। इसके बाद युवक से पूछताछ की गई। बताया गया कि युवक ने कहा कि दोनों आपसी सहमति से दोस्त हैं और भविष्य में कोर्ट मैरिज करने की योजना बना रहे हैं। उसने यह भी कहा कि युवती अपनी मर्जी से उसके साथ है।
पहचान छिपाने का लगाया आरोप
राष्ट्र हिंद वीर सेना के अध्यक्ष सत्यम पंडित ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपना नाम सचिन बताया, लेकिन आधार कार्ड देखने पर उसकी पहचान शाहिद अंसारी के रूप में हुई। संगठन का दावा है कि युवक अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवती के संपर्क में आया था और खुद को हिंदू बताने के लिए हाथ में कलावा भी बांधता था। संगठन ने इस पूरे मामले को पहचान छिपाने से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस को सूचना दी और युवक को उनके हवाले कर दिया।
युवती ने क्या कहा?
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवती ने बताया कि वह पिछले करीब दो महीने से युवक के साथ रह रही थी। दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। हालांकि, युवती का विस्तृत बयान पुलिस द्वारा दर्ज किया जा रहा है और उसके आधार पर मामले की आगे जांच की जाएगी।



