Amravati Rajapeth Police Illegal Sword Arrest: अमरावती शहर में कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजापेठ पुलिस ने अवैध रूप से प्राणघातक हथियार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 27 इंच लंबी लोहे की तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजापेठ पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि स्थानीय छत्री तलाव रोड स्थित उड़ान पुल के नीचे एक व्यक्ति तलवार लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि वह किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में है।
27 इंच की तलवार के साथ घूमता युवक गिरफ्तार, हथियार जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की पहचान सचिन उर्फ सत्त्या कडूजी मरस्कोले , निवासी जेवड नगर, अमरावती के रूप में हुई। जांच के दौरान उसके पास से करीब 27 इंच लंबी लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे वह बिना किसी वैध अनुमति के अपने साथ लेकर घूम रहा था।
पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर तलवार जब्त कर ली। इसके बाद उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत किया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर किस उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहा था और उसका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व राजापेठ थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण ने किया, जबकि सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन शिंदे एवं उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



