CricketIndia

मेरठ स्पार्टंस ने जीता कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर-15 चैंपियनशिप का खिताब, फाइनल में करीम कैपिटल चार्जर्स को 9 विकेट से हराया

गाजियाबाद में खेले गए कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर15 चैंपियनशिप के फाइनल में डीडीएच मेरठ स्पार्टंस ने करीम कैपिटल चार्जर्स को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।

मेरठ स्पार्टंस ने जीता कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर-15 चैंपियनशिप का खिताब, फाइनल में करीम कैपिटल चार्जर्स को 9 विकेट से हराया

KAFS U15 Championship final: कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर15 चैंपियनशिप का खिताब डीडीएच मेरठ स्पार्टंस ने अपने नाम कर लिया है। गाजियाबाद के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेरठ स्पार्टंस ने करीम कैपिटल चार्जर्स को 9 विकेट से हराकर शानदार अंदाज में ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम ने 108 रन के लक्ष्य को 16.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।

मेरठ की जीत के हीरो गेंदबाज प्रखर विष्णोई और बल्लेबाज हर्यक्ष रहे। प्रखर ने 4 विकेट झटककर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि हर्यक्ष ने दबाव में नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को आसानी से जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रखर विष्णोई को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

KAFS U15: प्रखर विष्णोई की घातक गेंदबाजी के सामने बिखरी चार्जर्स

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी करीम कैपिटल चार्जर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अर्जुन मिश्रा ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि एकलव्य ने 22 और आदित्य ने 16 रन का योगदान दिया। मेरठ की ओर से प्रखर विष्णोई ने 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं अश्विन मावी ने 2/10 और अवि कुमार ने 2/17 विकेट लेकर चार्जर्स को 19.3 ओवर में 107 रन पर समेट दिया।

KAFS U15: हर्यक्ष और अंश मित्तल ने दिलाई आसान जीत

108 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ स्पार्टंस को पहला झटका अथर्व शर्मा के रूप में 13 रन पर लगा। इसके बाद हर्यक्ष और अंश मित्तल ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। हर्यक्ष ने 56 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि अंश मित्तल 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने मेरठ को 9 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

KAFS U15: आठ दिनों तक चला टूर्नामेंट, युवा खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच

टूर्नामेंट का आयोजन रेड रॉक की ओर से किया गया, जबकि कृष्णा अप्रा ग्रुप टाइटल स्पॉन्सर रहा। पूरे टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण FanCode और YouTube पर किया गया, जिससे युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और पार्थिव पटेल का समर्थन भी इस प्रतियोगिता से जुड़ा रहा, जिसने इस आयु वर्ग के टूर्नामेंट को नई पहचान दिलाई।

KAFS U15: रेड रॉक आयोजकों ने खिलाड़ियों की सराहना की

रेड रॉक के सुभाष राजपूत ने कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य अंडर15 खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना था, जहां उनका प्रदर्शन बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने मेरठ स्पार्टंस को पूरे टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीम बताया और कहा कि दोनों फाइनलिस्ट टीमों ने अपने प्रदर्शन से इस उपलब्धि को पूरी तरह हासिल किया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply