CrimeIndiaTrending

बीच सड़क महिला पर बरसीं चप्पलें-थप्पड़, बीमार पति बेबस देखता रहा; कानपुर की घटना चर्चा में..

बीच सड़क महिला पर बरसीं चप्पलें-थप्पड़, बीमार पति बेबस देखता रहा; कानपुर की घटना चर्चा में..

कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर एक महिला के साथ सरेआम बर्बरता की गई. महिला को उसके ही देवर और उसके दोस्त ने चप्पलों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए. इस घटना का वीडियो बुधवार दोपहर करीब 3 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कार्रवाई की गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो महज 25 सेकेंड का है, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस कदर हैवानियत पर उतारू हैं. सरेराह हुई इस मारपीट और बेइज्जती के कारण महिला बेसुध होकर सड़क पर ही गिर पड़ी.

15 साल पहले हुई शादी, देवर रखता है गंदी नजर

मूल रूप से कानपुर देहात की रहने वाली पीड़िता की शादी 15 साल पहले बर्रा 8 के रहने वाले एक फर्नीचर कारीगर से हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल के पास रहने वाला संदीप सचान नाम का युवक उस पर बुरी नजर रखता था. जब भी महिला इसका विरोध करती, तो ससुराल वाले संदीप का ही साथ देते और महिला से झगड़ा करते थे. रोज-रोज के इन झगड़े से तंग आकर महिला ने करीब डेढ़ साल पहले अपना ससुराल छोड़ दिया था और किराए के मकान में रहने लगी थी.

बीमार पति को देखने ससुराल लौटी तो महिला पर किया हमला

जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिनों से उसके पति की तबीयत काफी खराब चल रही थी. पति की देखभाल करने के इरादे से मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी तीन साल की बेटी और पति के साथ वापस ससुराल (बर्रा 8) गई थी. लेकिन वहां पहुंचते ही ससुराल वालों ने हंगामा शुरू कर दिया. इसी बीच उसका देवर और इलाके का ही रहने वाला हेमंत सचान वहां आ गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी. हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने विरोध करने पर महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसे घर से बाहर निकाल दिया.

बाइक पर सवार हो थाने जा रही थी महिला, तभी किया हमला

ससुराल में हुई बदसलूकी के बाद पीड़िता अपने पति और 3 साल की मासूम बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी. तभी रास्ते में देवर ने उन्हें रोक लिया और महिला को लगातार दो थप्पड़ जड़ दिए. इसी बीच वहां संदीप सचान भी पहुंच गया. इसके बाद दोनों ने मिलकर बीच सड़क पर तांडव मचा दिया. आरोपियों ने महिला को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया. जब बीमार पति ने अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर भी थप्पड़ों की बरसात कर दी.

सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

इस धक्का-मुक्की में उनकी बाइक गिर गई, जिससे उनकी 3 साल की मासूम बेटी भी घायल हो गई. बेरहमी से हुई इस पिटाई के बाद महिला सड़क पर बेहोश होकर गिर गई. इसी दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया.

बुधवार को जब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ, तो कानपुर की गुजैनी पुलिस तुरंत हरकत में आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की.

दोनों आरोपी गिरफ्तार, FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि थाना गुजैनी क्षेत्रान्तर्गत सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला अपने पति एवं छोटे बच्चे के साथ बाइक से जाती हुई दिखाई दे रही है. रास्ते में उसका देवर हेमंत शर्मा और उसका मित्र संदीप ने महिला, उसके पति एवं बच्चे के साथ मारपीट की. घटना का संज्ञान लेते हुए थाना गुजैनी में पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर दोनों नामजद अभियुक्तों हेमंत शर्मा और संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply