विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. Air India ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जाने वाली अपनी लंबी दूरी की उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज कम कर दिया है. नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं. इससे इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के टिकट पहले के मुकाबले कुछ सस्ते हो सकते हैं.

कच्चे तेल की कीमतें घटने के बाद लिया फैसला
Air India ने अप्रैल 2026 में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी के बाद फ्यूल सरचार्ज लगाया था. उस समय एयरलाइंस की परिचालन लागत काफी बढ़ गई थी. अब तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद कंपनी ने यात्रियों को राहत देने का फैसला किया है.
कितनी हुई कटौती?
नई व्यवस्था के तहत उत्तर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जाने वाली उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर प्रति टिकट कर दिया गया है. वहीं यूरोप और ब्रिटेन के लिए यह शुल्क 205 डॉलर से घटाकर 125 डॉलर प्रति टिकट कर दिया गया है. यानी कुछ रूटों पर फ्यूल सरचार्ज में करीब 39% तक की कटौती की गई है.
Air India has reduced fuel surcharge on select international routes
In the month of April, fuel surcharge per passenger for Europe was $205, North America $280 & Australia $280.
Now its reduced; per passenger for Europe its $125, $200 for North America & $200 for
— ANI July 3, 2026
घरेलू उड़ानों पर कोई बदलाव नहीं
फिलहाल यह राहत सिर्फ चुनिंदा लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर दी गई है. Air India की घरेलू उड़ानों और अन्य अंतरराष्ट्रीय रूटों पर लागू फ्यूल सरचार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है. कंपनी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे तेल की कीमतों के रुख के आधार पर फैसला ले सकती है.
यात्रियों को मिल सकती है राहत
एविएशन इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि एयरलाइंस की कुल परिचालन लागत में एविएशन टर्बाइन फ्यूल की हिस्सेदारी करीब 40 से 45 फीसदी होती है. ऐसे में ईंधन सस्ता होने का फायदा धीरेधीरे टिकट किराए में भी दिखाई दे सकता है. माना जा रहा है कि अगर वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले समय में दूसरी एयरलाइंस भी फ्यूल सरचार्ज कम करने पर विचार कर सकती हैं.



