Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के हाईप्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. देशभर में चर्चा का विषय बने इस मर्डर केस के तार अब महाराष्ट्र के बीड जिले से जुड़ गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और उसकी मंगेतर सिया गोयल ने केतन की हत्या करने से पहले अपने एक बेहद करीबी दोस्त से इस खूनी साजिश पर चर्चा की थी.

पुणे ग्रामीण पुलिस अब बीड जिले के रहने वाले इस युवक से गहन पूछताछ कर रही है, जिसके बाद इस पूरे हत्याकांड में कई अहम कड़ियों के साफ होने की उम्मीद है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीड का रहने वाला यह युवक मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का क्लासमेट रहा है और वर्तमान में पुणे के बालेवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है.
मई के आखिरी हफ्ते में हुई बात
चेतन और सिया ने मई के अंतिम सप्ताह में इस युवक से संपर्क किया था. सूत्रों का दावा है कि इन दोनों ने सबसे पहले इसी युवक को केतन अग्रवाल की हत्या की अपनी पूरी योजना बताई थी और इस रणनीति पर लंबी चर्चा की थी. साजिश के तहत चेतन और सिया ने इस दोस्त को 18 जून को लोहागढ़ किले की सैर पर अपने साथ चलने के लिए कहा था.
हालांकि, इस युवक ने उनके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया था. सूत्रों के अनुसार, जब चेतन और सिया ने उसे इस खूनी खेल के बारे में बताया था, तब उसने दोनों को ऐसा न करने की सलाह भी दी थी.
हत्या के बाद भी चेतन ने की थी मुलाकात
इस पूरे मामले में पुलिस को कई डिजिटल सबूत मिले हैं, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है. जांच में यह भी सामने आया है कि केतन अग्रवाल की बेरहमी से हत्या करने के बाद चेतन चौधरी ने अपनी मंगेतर सिया के साथसाथ इस सहपाठी से भी दोबारा मुलाकात की थी. पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि हत्या के बाद उन दोनों के बीच वास्तव में क्या बातचीत हुई थी. पुणे ग्रामीण पुलिस इस समय बीड के इस युवक के कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड , व्हाट्सएप चैट, लोकेशन हिस्ट्री और सभी डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच कर रही है.
मर्डर प्लान पता होने के बाद भी पुलिस को क्यों नहीं बताया?
इस खुलासे के बाद अब बीड के इस युवक पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब उसे मई के महीने में ही केतन अग्रवाल की हत्या की इतनी बड़ी और खतरनाक योजना के बारे में पता चल गया था, तो उसने समय रहते पुलिस या केतन के परिवार को इसकी सूचना क्यों नहीं दी? क्या उसने डर की वजह से चुप्पी साधे रखी या इसके पीछे कोई और वजह थी?
फिलहाल हिरासत में पूछताछ, आरोपी नहीं बनाया
पुणे ग्रामीण पुलिस इस युवक को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है. चेतन और सिया ने उसे मर्डर प्लान के बारे में और क्याक्या बातें बताई थीं? क्या इस युवक ने इस खूनी साजिश के बारे में किसी अन्य तीसरे व्यक्ति को जानकारी दी थी? आरोपियों ने आखिर बीड के इसी युवक को अपने इस खतरनाक प्लान में क्यों शामिल करना चाहा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस युवक की भूमिका की हर एंगल से जांच की जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस युवक को मामले में औपचारिक रूप से आरोपी के रूप में नामित नहीं किया है. उससे मिली जानकारियों के आधार पर केस में आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



