Ram Mandir Donation Controversy: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे विवाद में गड़बड़ी के मामले ने अब धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर हलचल बढ़ा दी है। इस बीच 6 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें मंदिर प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

6 जुलाई को होगी ट्रस्ट की अहम बैठक
ट्रस्ट की बैठक 6 जुलाई को दोपहर 3 बजे अयोध्या स्थित मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी। बैठक के एजेंडे में कई अहम विषय शामिल किए गए हैं। इनमें कथित चढ़ावा गड़बड़ी मामले की जांच, मंदिर की वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा प्रमुख रहेगी।
बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है, उनमें शामिल हैं
- ट्रस्ट महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार।
- चढ़ावा मामले में SIT की अंतरिम जांच रिपोर्ट पर चर्चा।
- मंदिर के आयव्यय का विवरण और वित्तीय समीक्षा।
- श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं का आकलन।
महंत दिनेंद्र दास बोले दोषियों को मिले सबसे कड़ी सजा
रामलला के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले पर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भगवान के घर में चोरी करने वालों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चोरी छोटी हो या बड़ी, अपराध तो अपराध ही होता है। प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि गबन की गई राशि की पूरी रिकवरी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
SIT ने तेज की जांच, मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी
मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल ने मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ तेज कर दी है। जांच एजेंसियां कथित वित्तीय गड़बड़ी, पैसों के लेनदेन और रकम की रिकवरी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। अब तक पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में नामजद सभी आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच के दौरान कई दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच अभी जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश यादव ने AI वीडियो शेयर कर सरकार पर साधा निशाना
क्या फिर से चले गये वनवास? pic.twitter.com/qb6ac3q1xY
— Akhilesh Yadav July 3, 2026
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम पर आधारित एक AI वीडियो साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। करीब 4 मिनट 40 सेकेंड के इस वीडियो में अयोध्या और राम मंदिर की प्रतीकात्मक तस्वीरों के जरिए चढ़ावा विवाद को दर्शाने की कोशिश की गई है। वीडियो के साथ उन्होंने सवाल किया, “क्या फिर चले गए वनवास?
वीडियो में मंदिर परिसर, दानपात्र और अयोध्या के भावनात्मक दृश्य दिखाए गए हैं। इसके जरिए मंदिर में सामने आए कथित चोरी के मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।
ये भी पढ़ें:
जांच जारी, ट्रस्ट बैठक पर टिकी निगाहें
राम मंदिर चढ़ावा विवाद अब केवल जांच का विषय नहीं रहा, बल्कि इसने धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर बहस छेड़ दी है। ऐसे में 6 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में लिए गए फैसले आगे की जांच और मंदिर प्रशासन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें:



