BollywoodIndiaTrending

पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘अल्फा’, खराब रिव्यू के बावजूद शानदार कमाई; हुमा कुरैशी की फिल्म पड़ी कमजोर..

पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘अल्फा’, खराब रिव्यू के बावजूद शानदार कमाई; हुमा कुरैशी की फिल्म पड़ी कमजोर..

हर बार की तरह इस बार भी सिनेमाघरों में दो बड़ी फिल्मों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है. एक तरफ आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की एक्शन से भरपूर फिल्म ‘अल्फा’ रिलीज हुई है, तो दूसरी तरफ हुमा कुरैशी की क्राइम ड्रामा फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ पर्दे पर आई है. हालांकि, सोशल मीडिया पर दोनों ही फिल्मों को ऑडियंस से कोई बहुत अच्छे रिव्यू नहीं मिल रहे हैं. इसके बावजूद, कमाई के मामले में ‘अल्फा’ ने बॉक्स ऑफिस पर काफी धमाकेदार शुरुआत करके सबको चौंका दिया है.

अगर वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ की बात करें, तो ये एक जबरदस्त एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ लीड रोल में नजर आ रही हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे बड़े कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं. साथ ही फिल्म में ऋतिक रोशन का एक बेहद स्पेशल कैमियो भी है, जिसका ऑडियंस काफी समय से इंतजार कर रहे थे. आखिरकार ये फिल्म 3 जुलाई को रिलीज हुई और इसके पहले दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं.

पहले दिन ‘अल्फा’ ने की शानदार कमाई

सबसे पहले ‘अल्फा’ की कमाई के बारे में बात करें तो पहले दिन इस फिल्म को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर टोटल 7,534 शोज मिले. इन शोज की मदद से फिल्म ने भारत में पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. वहीं, अगर इसके ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो ये आंकड़ा 11.10 करोड़ रुपये रहा. सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. फिल्म ने पूरी दुनिया में पहले दिन कुल 16.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसमें 5 करोड़ रुपये विदेशों से आए हैं.

हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू डाई डू’ की कहानी

दूसरी तरफ हुमा कुरैशी की फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ एक अलग तरह की क्राइम-थ्रिलर और डार्क कॉमेडी फिल्म है. इस फिल्म का डायरेक्शन नचिकेत सामंत ने किया है. फिल्म में हुमा कुरैशी ने ‘बेबी कर्माकर’ नाम की एक मूक और बधिर महिला का किरदार निभाया है. ये पूरी कहानी मुंबई के माहौल पर बनी है, जहां बेबी मजबूरी और हालातों के चलते एक खतरनाक कॉन्ट्रैक्ट किलर बन जाती है. फिल्म में सिकंदर खेर, चंकी पांडे और सीमा पाहवा जैसे कलाकार भी शामिल हैं, लेकिन रिव्यू कुछ खास नहीं मिल रहे.

फिल्म की कहानी के उतार-चढ़ाव

इस फिल्म की कहानी बेबी कर्माकर के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जुड़वां बहन की मौत के सदमे से बाहर नहीं आ पाई है. उसे आज भी अपने अंदर अपनी बहन की आवाज सुनाई देती है. यही हालात उसे जुर्म की अंधेरी दुनिया में खींच ले जाते हैं, जहां वो कई बड़े और खतरनाक मिशन पूरे करती है. इसी बीच कहानी में एक लव स्टोरी, गैंगवार और कई सस्पेंस वाले मोड़ आते हैं, जो ऑडियंस को बांधने की कोशिश करते हैं, लेकिन सोशस मीडिया पर फिल्म को कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिल पा रहा.

बॉक्स ऑफिस पर ‘बेबी डू डाई डू’ का हाल

फिल्म क्रिटिक्स और ऑडियंस की तरफ से इस फिल्म को मिला-जुला रिएक्शन मिल रहा है. वहीं, अगर बॉक्स ऑफिस की बात करें तो इस फिल्म की शुरुआत बेहद ठंडी और धीमी रही है. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले दिन महज 40 लाख रुपये के आसपास की कमाई की है, जिसे एक कमजोर ओपनिंग माना जा रहा है. हालांकि, इस फिल्म को बनाने में कितना खर्च आया है, यानी इसके बजट को लेकर अभी तक कोई भी ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply