नई दिल्ली : भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के भीतर की कलह अब चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को राष्ट्रीय पार्टी कहने वाली कांग्रेस अब राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नहीं, बल्कि जातिगत गुटों की पार्टी बनकर रह गई है।

तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर काम करने के बजाय केवल हाईकमान को खुश करने में लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “टुकड़ेटुकड़े गैंग” के इशारों पर काम करने वाली कांग्रेस आज स्वयं कई टुकड़ों में बंट चुकी है।
भाजपा सांसद ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मीडिया के सामने स्वीकार किया है कि कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं को जाति के आधार पर हाशिये पर धकेला जा रहा है। चुघ ने कहा कि जब पार्टी के वरिष्ठ नेता ही ऐसे आरोप लगा रहे हैं, तो यह कांग्रेस की आंतरिक स्थिति को उजागर करता है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आज वर्ग, क्षेत्र और जाति के आधार पर विभाजित पार्टी बन चुकी है और उसका संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह कमजोर हो गया है। चुघ ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने घर की लड़ाई सुलझानी चाहिए, क्योंकि जनता का भरोसा लगातार पार्टी से उठता जा रहा है।



