नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पंजाब की मौजूदा सुरक्षा एवं कानूनव्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

तरुण चुघ ने बताया कि उन्होंने अमित शाह के समक्ष पंजाब में बिगड़ती कानूनव्यवस्था, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हो रही नशा एवं हथियारों की तस्करी, गैंगस्टरवाद तथा आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे गंभीर विषय उठाए। उन्होंने पंजाब की वर्तमान परिस्थितियों और जनभावनाओं से भी केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराते हुए राज्य में शांति, सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
चुघ ने आरोप लगाया कि संतों, गुरुओं और शहीदों की पावन धरती पंजाब आज आम आदमी पार्टी की “नौसिखिया, नालायक और नाकायाब” सरकार के कारण नशे, गैंगस्टरवाद, अपराध, सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद और बिगड़ती कानूनव्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता एक सुरक्षित, समृद्ध, नशामुक्त और विकासोन्मुख राज्य की अपेक्षा रखती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास का नया अध्याय स्थापित होगा।
तरुण चुघ ने कहा कि शेरएपंजाब महाराजा रणजीत सिंह के आदर्शों से प्रेरित होकर भारतीय जनता पार्टी पंजाब को पुनः खुशहाल, सुरक्षित, समृद्ध और नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अमित शाह का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद इस संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।



