दिल्ली की सबसे बड़े आवासीय सोलर परियोजनाओं में शामिल यह प्लांट स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बनेगा मिसाल

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सौर ऊर्जा क्रांति को दिल्ली में मिल रही नई गति: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को एक लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी देकर सौर ऊर्जा को कर रही प्रोत्साहित: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को पालम विधानसभा के द्वारका सेक्टर7 स्थित एयर फोर्स और नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव में 500 किलोवॉट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट सोसाइटी के लगभग 375 घरों की बिजली जरूरतों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा से पूरा करेगा। साथ ही, यह दिल्ली में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली के सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, पालम के विधायक श्री कुलदीप सोलंकी, पूर्व विधायक श्री धर्म देव सोलंकी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज सौर ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देशभर में सौर ऊर्जा को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिल्ली सरकार भी इसी संकल्प के साथ राजधानी में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को एक लाख रुपये से अधिक की संयुक्त सब्सिडी देकर रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल कम करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि 500 किलोवॉट क्षमता वाला यह सोलर पावर प्लांट राजधानी की सबसे बड़ी आवासीय सौर परियोजनाओं में से एक है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना को केंद्र सरकार से 90 लाख रुपये और दिल्ली सरकार से 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। इसके शुरू होने से एन्क्लेव का मासिक बिजली खर्च लगभग 12 लाख रुपये से घटकर 6 लाख रुपये रह जाएगा, जिससे हर साल करीब 72 लाख रुपये की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल ऊर्जा बचत का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। उन्होंने एयर फोर्स एवं नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव के निवासियों की सराहना करते हुए कहा कि देश की सेवा में समर्पित रहे इन अधिकारियों ने अपने आवासीय परिसर में स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा दक्ष शहर बनाना है। इसके लिए सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अन्य आवासीय सोसायटियों, संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और दिल्ली में सौर ऊर्जा के विस्तार को नई गति देगी।



