
धर्म यात्रा पर निकले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शनिवार शाम शाहाबाद के अल्लाहपुर तिराहा पर सनातन प्रेमियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को गौहत्या न करने और गौमाता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग का समर्थन करने का संकल्प दिलाया।
निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से पहुंचे शंकराचार्य का कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में शंकराचार्य ने कहा, “चोर कभी चोर को नहीं पकड़ता, हमेशा सिपाही चोर को पकड़ता है। चोरी करने वाले भी वही हैं और जांच करने वाले भी वही हैं। इसलिए सवाल ही नहीं उठता कि कोई चोर पकड़ा जाएगा।”
गौ संरक्षण को लेकर सरकार पर बोला हमला
उन्होंने गौ संरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि जो सरकार गौमाता को राष्ट्रीय माता घोषित नहीं कर सकती, उसे वोट देने से पहले जनता को गंभीरता से विचार करना चाहिए। संक्षिप्त वार्ता के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का काफिला अपने अगले पड़ाव सवायजपुर के लिए रवाना हो गया। इस अवसर पर चौधरी उमेश गुप्ता, डॉ. मनीष शर्मा, पुतान खां, अहिवरन लाल, रचित गुप्ता, दिलीप यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



