
कानपुर पुलिस ने 15 लाख रुपये की चोरी के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी लग्जरी लाइफस्टाइल ने जांच टीम को भी हैरान कर दिया. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हर बड़ी चोरी के बाद अपनी गर्लफ्रेंड को गोवा की सैर पर ले जाता था. अब तक वह चोरी के पैसों से पांच बार गोवा घूम चुका था. आरोपी के मोबाइल से गोवा ट्रिप की कई तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जो उसके शौक और खर्च करने के तरीके की गवाही देती हैं.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार, सेन पश्चिम पारा स्थित स्वर्ण जयंती विहार निवासी अनिल कुमार वर्मा के घर 19 जून को चोरी की वारदात हुई थी. उस समय परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे और घर पर ताला लगा था. शाम को जब परिवार लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात तथा 30 हजार रुपये नकद गायब थे. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चोरी की गंभीरता को देखते हुए सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस सहित तीन विशेष टीमें बनाई गईं. इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी. इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशू पासी के रूप में हुई, जो मूल रूप से अमेठी के मुसाफिरखाना का निवासी है और वर्तमान में कानपुर के गुजैनी इलाके में रह रहा था.
जेल से छूटते ही फिर शुरू कर दी चोरी
पूछताछ में अंशू ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों हिमांशु, गोल्डी और सागर के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था. पुलिस के मुताबिक, अंशू पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है. बिधनू क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वह करीब डेढ़ साल जेल में रहा. जेल से बाहर आने के कुछ समय बाद ही उसने फिर से अपने पुराने साथियों के साथ चोरी की वारदातें शुरू कर दीं.
चोरी के पैसों से गर्लफ्रेंड को पांच बार गोवा घुमाया
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी चोरी के पैसों से ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था. हर बड़ी वारदात के बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गोवा घूमने जाता था. पुलिस को उसके मोबाइल फोन से दोनों की गोवा यात्रा की कई तस्वीरें मिली हैं. अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महंगी शराब और लग्जरी लाइफस्टाइल का भी शौकीन था और चोरी की रकम इसी तरह खर्च करता था.
नकदी, जेवर, तमंचा और स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, 632 ग्राम चांदी, एक अवैध तमंचा और चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी बरामद की है. वहीं, मामले में फरार चल रहे आरोपी हिमांशु, गोल्डी और सागर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
‘टक्कल गैंग’ से जुड़ा है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अंशू, शहर के कुख्यात ‘टक्कल गैंग’ से जुड़ा है. वह गैंग के सरगना गोपाल टक्कल का भाई है. इस गिरोह के कई सदस्य पहले से चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद शहर में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है.



