दिल्ली : राजधानी दिल्ली के रन्होला थाना क्षेत्र स्थित तिलंगपुर कोटला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कथित तौर पर पत्नी के फोन पर बात करने के शक में पति ने उसकी हत्या कर दी और इसके बाद सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में दंपति की तीन वर्षीय बेटी अनाथ हो गई।

पुलिस के अनुसार, विनय ने अपनी पत्नी निशा के सिर पर एक्साइड बैटरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी तीन वर्षीय बेटी को लेकर अपनी मां के किराए के मकान पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन प्रिया को बताया कि उसने शाम करीब छह बजे अपनी पत्नी की हत्या कर दी है क्योंकि वह किसी से फोन पर बात कर रही थी। उसने यह भी बताया कि उसने स्वयं सल्फास खा लिया है।
प्रिया जब निशा के कमरे में पहुंची तो वह खून से लथपथ पड़ी मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने निशा और विनय दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, निशा और विनय की शादी करीब चार से पांच वर्ष पहले हुई थी। दोनों पिछले छह से सात महीनों से तिलंगपुर कोटला में किराए के मकान में रह रहे थे। विनय उत्तम नगर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दंपति की तीन वर्षीय बेटी है।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में रन्होला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत एफआईआर संख्या 435/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।



