Bathroom Murder Case: आगरा के चर्चित बाथरूम मर्डर केस में अब उस मिस्त्री का बयान सामने आया है, जिसने हत्या के बाद बाथरूम का फर्श तैयार किया था। मिस्त्री ने दावा किया है कि काम के दौरान आरोपी पत्नी रूबी खुद मलबा भर रही थी। उसके इस बयान ने जांच को नया मोड़ दे दिया है।
क्या हुआ नया खुलासा ?
उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आए सनसनीखेज बाथरूम मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब उस राजमिस्त्री का बयान सामने आया है, जिसने कथित हत्या के बाद बाथरूम का फर्श बनाया था। मिस्त्री का कहना है कि जब वह काम करने पहुंचा, तब आरोपी पत्नी रूबी खुद बाथरूम में मलबा भर रही थी। उसने मजदूर लगाने की सलाह भी दी, लेकिन रूबी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि मैं खुद कर लूंगी।
मिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि, उन्हें उस समय इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस बाथरूम का फर्श तैयार किया जा रहा है, उसके नीचे किसी का शव दफन है। इसलिए उन्होंने सामान्य निर्माण कार्य समझकर अपना काम पूरा कर दिया। दरअसल, यहां रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। परिवार और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। 26 मई को उनकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। इस दौरान सुरेंद्र की पत्नी रूबी लगातार यही कहती रही कि उनके पति घर छोड़कर कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे।
ये भी पढ़ें:
लेकिन करीब 45 दिन बाद जब पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाया तो उसके नीचे से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ। इस खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अब राजमिस्त्री का बयान जांच एजेंसियों के लिए अहम कड़ी बन गया है। पुलिस मामले की हर परत की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें कौनकौन शामिल था।
ये भी पढ़ें:



