Noida News: कहते हैं कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती और इस बात को नोएडा के सेक्टर 17 में रहने वाले महज 5 साल 6 महीने के अव्युक्त सिंह ने सच साबित कर दिखाया है. अपनी असाधारण याददाश्त और विलक्षण ज्ञान के दम पर अव्युक्त ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न सिर्फ नोएडा, बल्कि पूरे देश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन हुआ है. अव्युक्त सिंह ने यह नया विश्व रिकॉर्ड अपनी अद्भुत मेमोरी और तीव्र बुद्धि के बल पर बनाया है.

8 फरवरी 2026 को आयोजित आधिकारिक प्रयास के दौरान अव्युक्त ने महज 1 मिनट और 46 सेकेंड के भीतर स्क्रीन पर आने वाले अलगअलग डायनासोरों की न केवल सटीक पहचान की, बल्कि उनके कठिन वैज्ञानिक नाम भी बिना रुके बोल दिए. अव्युक्त ने अपनी इस तेज रफ्तार प्रस्तुति के साथ पहले से दर्ज 41 डायनासोरों की पहचान करने के विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया. 23 जून 2026 को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने आधिकारिक रूप से इस ऐतिहासिक उपलब्धि की पुष्टि करते हुए अव्युक्त के नाम का प्रमाण पत्र जारी किया.
मासूम की उम्र 5 साल, लेकिन नाम दर्ज हैं 6 विश्व रिकॉर्ड
हैरानी की बात यह है कि अव्युक्त सिंह के लिए गिनीज बुक में नाम दर्ज कराना कोई पहला अनुभव नहीं है.इस नन्हे से उस्ताद के नाम इतनी कम उम्र में यह छठा विश्व रिकॉर्ड है.इससे पहले भी वह अपनी याददाश्त के दम पर कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं.
अव्युक्त की माता निधि शर्मा बताती हैं कि उसमें बचपन से ही नई चीजों को सीखने, समझने और उन्हें लंबे समय तक याद रखने की गजब की क्षमता रही है.स्कूल के दिनों से ही वह अपनी अनोखी प्रतिभा के कारण शिक्षकों का चहेता रहा है. अव्युक्त की इस स्वर्णिम सफलता के पीछे उसके मातापिता, गुरुजनों और पूरे परिवार के कठिन परिश्रम, सही दिशा और निरंतर प्रोत्साहन का अहम योगदान है.
देशभर के बच्चों के लिए प्रेरणा बना नन्हा अव्युक्त
इतनी छोटी सी उम्र में दुनिया के सबसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने वाला अव्युक्त सिंह आज देशभर के बच्चों और अभिभावकों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुका है.उसकी यह बेमिसाल कामयाबी साबित करती है कि सपनों को पूरा करने की कोई तय उम्र नहीं होती.अगर बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को सही समय पर सही मार्गदर्शन, लगन और मेहनत का साथ मिल जाए, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम अमर कर सकते हैं.



