
नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड (Erling Haaland) ने राउंड ऑफ-16 में दो शानदार गोल दागकर ब्राजील को 2-1 से हराया और अपनी टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया. इस जीत के साथ हालैंड ने वर्ल्ड कप इतिहास की उस एलीट लिस्ट में भी जगह बना ली, जहां अब तक लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और किलियन एम्बाप्पे जैसे सुपरस्टार भी नहीं पहुंच सके हैं.
ब्राजील के खिलाफ मुकाबले में हालैंड ने 79वें मिनट में पहला गोल कर नॉर्वे को बढ़त दिलाई. इसके बाद 90वें मिनट में दूसरा गोल दागकर जीत लगभग पक्की कर दी. अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में नेमार ने पेनाल्टी पर गोल जरूर किया, लेकिन तब तक ब्राजील के लिए काफी देर हो चुकी थी.
चार मैच जिताऊ गोल, एलीट क्लब में एंट्री
इस मुकाबले के साथ हालैंड एक ही फीफा वर्ल्ड कप में चार मैच जिताऊ गोल करने वाले इतिहास के सिर्फ चौथे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने हासिल की थी.
ग्रेजगोर्ज लाटो (1974) – 5 मैच जिताऊ गोल
साल्वाटोर शिलासी (1990) – 5 मैच जिताऊ गोल
गर्ड मुलर (1970) – 4 मैच जिताऊ गोल
एर्लिंग हालैंड (2026) – 4 मैच जिताऊ गोल
यही वह रिकॉर्ड है, जहां तक मेसी, रोनाल्डो और एम्बाप्पे जैसे महान खिलाड़ियों का सफर भी नहीं पहुंच सका है.
पहले चार वर्ल्ड कप मैचों में 7 गोल
हालैंड ने अपने शुरुआती चार फीफा वर्ल्ड कप मुकाबलों में 7 गोल पूरे कर लिए हैं. 1970 के बाद ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं. उनसे पहले जर्मनी के महान स्ट्राइकर गर्ड मुलर ने 1970 विश्व कप में शुरुआती चार मैचों में 8 गोल किए थे.
एरियल ड्यूल में भी कमाल
ब्राजील के खिलाफ हालैंड ने हवा में गेंद पर कब्जे के चारों मुकाबले (एरियल ड्यूल) जीते. 1966 के बाद वर्ल्ड कप में 15 से ज्यादा एरियल ड्यूल खेलने वाले स्ट्राइकरों में उनका सफलता प्रतिशत सबसे बेहतरीन है. उन्होंने अब तक 18 में से 14 एरियल ड्यूल अपने नाम किए हैं.
मेसी और एम्बाप्पे की बराबरी
हालैंड अब इस वर्ल्ड कप में 7 गोल कर चुके हैं. इसी टूर्नामेंट में मेसी और एम्बाप्पे के भी 7-7 गोल हैं. यह फीफा वर्ल्ड कप इतिहास का पहला मौका है, जब एक ही संस्करण में तीन अलग-अलग खिलाड़ी 7-7 गोल तक पहुंचे हैं.
‘यह नॉर्वे के इतिहास का सबसे बड़ा दिन’
मैच के बाद हालैंड ने कहा, ‘शायद यह नॉर्वे के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. हर किसी को इस पल का आनंद लेना चाहिए. यह हमारे देश के इतिहास के सबसे अविश्वसनीय दिनों में से एक है.’
अपने दूसरे गोल पर उन्होंने कहा, ‘ऐसा लगा जैसे गेंद का नेट में जाना भगवान का तोहफा था.’
कोच बोले- देश एक हफ्ते तक जश्न मनाएगा
नॉर्वे के मुख्य कोच स्टॉले सोलबक्केन ने कहा, ‘आज हर नॉर्वेजियन अपनी जिंदगी की सबसे यादगार रात जी रहा है. कुछ लोग कह रहे हैं कि इस टीम ने नॉर्वे को हमेशा के लिए बदल दिया है. शायद पूरा देश एक हफ्ते तक जश्न मनाएगा.’



