टनकपुर : रेलवे एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री एस. रवनीत सिंह ने आज नव प्रारंभ की गई 17631/17632 नांदेड़टनकपुरनांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस नई रेल सेवा को धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय संपर्क और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता की। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, जिनका संसदीय क्षेत्र टनकपुर है कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री एस. रवनीत सिंह ने कहा कि यह नई साप्ताहिक रेल सेवा माँ पूर्णागिरि धाम के प्रवेश द्वार टनकपुर तथा सिख धर्म के पाँच तख्तों में से एक तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि यह सेवा श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा आम यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी और उत्तर भारत एवं दक्षिण भारत के बीच सुगम एवं निर्बाध रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने बताया कि यह साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को नांदेड़ से प्रस्थान कर मंगलवार प्रातः टनकपुर पहुँचेगी, जबकि वापसी में प्रत्येक मंगलवार को टनकपुर से प्रस्थान कर यात्रियों को दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सुविधाजनक एवं सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराएगी।
श्री रवनीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड का सिख समुदाय के साथ ऐतिहासिक एवं गहरा संबंध रहा है। विशेष रूप से ऊधम सिंह नगर सहित तराई क्षेत्र में निवास करने वाले सिख समुदाय ने स्वतंत्रता के बाद से कृषि, आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह नई रेल सेवा पंजाब, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के बीच आवागमन को सरल बनाएगी।
इससे पूर्व एस. रवनीत सिंह ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका। यह पवित्र स्थल श्री गुरु नानक देव जी की प्रथम उदासी से जुड़ा हुआ है और सिख धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है। उन्होंने देश की शांति, समृद्धि एवं प्रगति के लिए अरदास की तथा कहा कि ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का गुरु नानक देव जी का अमर संदेश आज भी समाज को सद्भाव, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथसाथ आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों तक रेल संपर्क का विस्तार इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
रवनीत सिंह ने इस नई रेल सेवा के शुभारंभ के लिए रेल मंत्रालय, उत्तराखंड सरकार तथा सभी संबंधित पक्षों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह ट्रेन श्रद्धालुओं, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा सिद्ध होगी और देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगी।


