India

इंटरकास्ट मैरिज, शिमला में हनीमून, फिर आस्ट्रेलिया गई पत्नी: अब लौटने से इनकार, ₹34 लाख के कर्ज में डूबा युवक

कुरुक्षेत्र: इंटरकास्ट मैरिज के बाद पत्नी के साथ विदेश में नई जिंदगी बसाने का सपना देखने वाले हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार की जिंदगी 4 साल में पूरी तरह बदल गई। मैरिज के सिर्फ एक महीने बाद ही उसकी उसकी नवविवाहित पत्नी ऑस्ट्रेलिया चली गई। मगर, चार साल बीतने के बाद भी वह इंतजार ही करता रह गया। इस इंतजार में उसकी बेकरी तक बिक गई। उस पर करीब 34 लाख रुपए का कर्ज चढ़ गया और परिवार आर्थिक संकट में टूट गया। इस तनाव में उसके पिता भी चल बसे। वह प्रत्येक माह डेढ़ लाख रुपए की किस्त भरने को मजबूर है।

इंटरकास्ट मैरिज, शिमला में हनीमून, फिर आस्ट्रेलिया गई पत्नी: अब लौटने से इनकार, ₹34 लाख के कर्ज में डूबा युवक

उधर, अब पत्नी ने उसके साथ रहने और उसे ऑस्ट्रेलिया बुलाने से मना कर दिया। यहां तक की उसका मैरिज रजिस्ट्रेशन भी कैंसिल करा दिया। मन मारकर संजीव ने उसके खिलाफ ऑस्ट्रेलिया एंबेसी को शिकायत कर दी है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया में कोर्ट में मामला दायर करने के लिए याचिका डाली है।

4 साल पहले इंटरकास्ट मैरिज, शिमला में हनीमून: कुरुक्षेत्र के पिहोवा निवासी संजीव ने बताया कि उसकी शादी 30 अक्टूबर 2022 को पास के गांव की युवती से हुई थी। दोनों परिवार की मर्जी से उनकी इंटरकास्ट मैरिज हुई थी। शादी के बाद दोनों ने करीब एक महीना साथ बिताया। वह पत्नी को हनीमून पर शिमला और अमृतसर भी लेकर गया।
पत्नी ने आस्ट्रेलिया जाकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई: संजीव के मुताबिक, उसकी पत्नी ग्रेजुएट है। उसने आस्ट्रेलिया जाकर पढ़ाई करने और वहां जॉब करने की इच्छा जताई। भरोसा दिलाया कि जैसे ही वह आस्ट्रेलिया में थोड़ा सैटल होगी, उसे अपने पास बुला लेगी। फिर दोनों आस्ट्रेलिया में ही साथ रहेंगे।

मैरिज सर्टिफिकेट और पत्नी संग खींचे गए फोटो दिखाता संजीव।
बेकरी बेची, 22 लाख कर्ज लेकर पत्नी को आस्ट्रेलिया भेजा: संजीव के मुताबिक, उसने भरोसा कर दिसंबर 2022 में पत्नी को सिडनी भेज दिया। इसके लिए अपनी बेकरी बेच दी और करीब 22 लाख रुपए ब्याज पर उधार लिए। उसे उम्मीद थी कि पत्नी जल्द स्पॉन्सर भेजेगी और वह भी ऑस्ट्रेलिया पहुंच जाएगा।

डॉक्यूमेंट में खुद को अनमैरिड दिखाया : संजीव ने आरोप लगाते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद पत्नी हर बार उसे बुलाने का भरोसा देती रही, लेकिन एक साल तक कोई स्पॉन्सर नहीं भेजा। इसी बीच उसे पता चला कि उसकी पत्नी को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए उसे डॉक्यूमेंट में अनमैरिड दिखाया गया, जबकि उनकी शादी पहले ही रजिस्टर्ड हो चुकी थी।

ससुर ने शादी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराया : संजीव ने आरोप लगाया कि ससुर ने एजेंट के साथ मिलकर शादी का रजिस्ट्रेशन भी रद्द करा दिया। विरोध के बाद सितंबर 2023 में उसकी पत्नी भारत लौटी। वह करीब 1015 दिन उसके साथ रही और 26 सितंबर 2023 को दोनों ने दोबारा शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद पत्नी फिर ऑस्ट्रेलिया लौट गई।

संजीव ने बताया कि दोबारा रजिस्ट्रेशन के बाद भी वह लगातार स्पॉन्सर भेजने का भरोसा देती रही। इस दौरान वीजा और अन्य औपचारिकताओं में उसके 8 से 10 लाख रुपए और खर्च हो गए। मगर, इसके बाद भी उसे ऑस्ट्रेलिया नहीं बुलाया गया। उसने पत्नी और ससुराल पक्ष से जवाब मांगा तो पहले बहाने बनाए गए। बाद में ससुर ने कह दिया कि बेटी अब उनकी बात नहीं मानती। कुछ समय बाद पत्नी ने उसका, उसके परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट तक ब्लॉक कर दिए।

कर्ज बढ़ता गया, पिता की मौत हो गई

पत्नी को विदेश भेजने के लिए लिया गया कर्ज लगातार बढ़ता गया। आज वह हर महीने करीब डेढ़ लाख रुपए सिर्फ ब्याज चुका रहा है। इस आर्थिक तनाव के बीच 6 मई 2025 को उसके पिता जसवंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसकी मां भी लगातार बीमार रहने लगी हैं। आरोप लगाया कि पत्नी और उसके परिवार ने उससे करीब 34 लाख रुपए खर्च करवाकर उसे छोड़ दिया।

अब ऑस्ट्रेलिया और पुलिस से न्याय की उम्मीद

संजीव ने बताया कि उसने ऑस्ट्रेलियाई एंबेसी में शिकायत भेजी है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया में कोर्ट में मामला दायर करने के लिए याचिका डाली है। अब वह जल्द ही कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत देगा। उसकी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और उसके खर्च किए गए रुपए वापस दिलाए जाएं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply