उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंहल की प्रतिमाओं का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता और राम मंदिर आंदोलन के जननायक अशोक सिंघल को याद किया.

सीएम योगी ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और प्रभु श्री राम भारत की आत्मा के मूल श्रोत है. एक तरह से देखा जाए तो राम का मतलब ही राष्ट्र है. और भारत राष्ट्र को एक उत्तर से दक्षिण तक एकता के सूत्र में बांधने वाला कोई नाम है तो वह राम का नाम है. उन्होंने कहा कि आज की अयोध्या जो देख रहे है, वो अयोध्या, भव्य मंदिर अशोक सिंघल जी का ही सपना था. जिसे आज पूरा किया गया है. इसके लिए सनातन के कई कार्यकताओं ने अपना बलिदान दिया है.
सिंघल के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन का शंखनाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1980 से 90 में सिर्फ एक ही नारा गूंजता था, राम लला हम आएंगे मंदिर वही बनाएंगे; मंदिर के काम न आए ये जवानी बेकार है. उन्होंने कहा कि उस समय के युवाओं ने अशोक सिंघल के नेतृत्व में देश में शंखनाद किया था. उसी का नतीजा है कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन पाया है.
सियावर रामचंद्र की जय से किया भाषण का आगाज
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण की शुरुआत “सियावर रामचंद्र की जय” के जयघोष के साथ की. उन्होंने भगवान हनुमान, मां गंगा, मां सरस्वती और भगवान शिव व मां पार्वती के जयकारे भी लगाए. महान हस्तियों की प्रतिमाओं के अनावरण के अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. आज भारतीय राजनीति की एक महान विभूति के जन्म के 125 वर्ष पूरे हो रहे हैं.
श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि एक ऐसे व्यक्ति जिनका जीवन भारत के राष्ट्रवाद, एकता और अखंडता के लिए समर्पित था. एक महान शिक्षाविद और स्वतंत्रता सेनानी जिन्होंने स्वतंत्र भारत के मंत्रिमंडल में सेवा की. जिन्होंने कहा था कि “एक देश में दो संविधान और दो झंडे नहीं हो सकते”. मैं उनकी स्मृति को नमन करता हूँ और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
पहले, नदी के किनारों का होता था गलत इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि पहले, नदी के किनारे वाले इलाकों का अक्सर गलत इस्तेमाल होता था, लेकिन अब, यहां महान हस्तियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. जब अंग्रेजों ने पूरे पश्चिम बंगाल को पाकिस्तान को सौंपने की साजिश रची तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही इसके खिलाफ आवाज उठाई थी. उन्होंने पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनने से बचाया.
उन्होंने कहा कि जब हम उनकी 125वीं जयंती मना रहे हैं, तो पश्चिम बंगाल में भी भाजपा का कमल खिल चुका है, लेकिन यह कमल विकास, सुशासन और सुरक्षा का प्रतीक है.
मुखर्जी के सपनों को पीएम मोदी ने किया साकार
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हिंदू महासभा का प्रतिनिधित्व करते हुए देश की पहली सरकार में मंत्री बने. उन्होंने राष्ट्रीय हित और भारत की अखंडता के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया, इसके बाद, उन्होंने भारतीय जनसंघ की नींव रखी. सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सपनों को साकार करने का काम किया है. कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया है. गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 को रद्द किया और कश्मीर को अन्य राज्यों के समान ही देश की मुख्यधारा से जोड़ा.
पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण सौभाग्य की बात
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों के संकल्प को पूरा करना ही उनके प्रति कृतज्ञता का सच्चा इजहार है. भारत में राजनीतिक स्थिरता और शुचिता कैसी होनी चाहिए. इस बारे में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया. उन्होंने छह दशकों तक सांसद, मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की. फिर भी, उन पर कभी कोई दाग नहीं लगा.
यह मेरा सौभाग्य था कि जब वे प्रधानमंत्री बने, तब मैं संसद सदस्य बना. आज मुझे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला.



