413 अंतरराष्ट्रीय मैचों का विश्व रिकॉर्ड बनाने पर दी बधाई

मनप्रीत सिंह ने पंजाब सरकार के सहयोग की सराहना की, युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील
जालंधर : भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और वरिष्ठ खिलाड़ी मनप्रीत सिंह के अपने पैतृक गांव मिठ्ठापुर पहुंचने पर हॉकी पंजाब के अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। मिठ्ठापुर हॉकी स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान नितिन कोहली ने मनप्रीत सिंह और उनके परिवार को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
मनप्रीत की उपलब्धि पूरे देश का गौरव : नितिन कोहली
नितिन कोहली ने कहा कि मनप्रीत सिंह ने 413 अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेलकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जो जालंधर, पंजाब और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत जैसे खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और उन्हें विश्वास है कि वह आने वाले समय में भी भारतीय हॉकी के लिए 100 से 150 और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलकर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने भारतीय टीम को आगामी सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गांवों में बने हॉकी मैदान खिलाड़ियों के लिए वरदान : मनप्रीत सिंह
अपने संबोधन में मनप्रीत सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाने की अपील की। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारों के सहयोग से गांवों में विकसित किए गए हॉकी मैदान खिलाड़ियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन सुविधाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं और भारतीय हॉकी को मजबूत आधार मिल रहा है।
मिठ्ठापुर से शुरू हुआ सफर, विश्व रिकॉर्ड तक पहुंचा : मनप्रीत सिंह
मनप्रीत सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी हॉकी यात्रा मिठ्ठापुर के उसी मैदान से शुरू की थी, जिसे ‘हॉकी का मक्का’ कहा जाता है। आज उसी मैदान से निकलकर 413 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का विश्व रिकॉर्ड बनाना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके गांव, परिवार और देश को समर्पित है।
विश्व कप और ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है लक्ष्य : मनप्रीत सिंह
मनप्रीत सिंह ने विश्वास जताया कि भारतीय हॉकी टीम आगामी विश्व कप, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, एशियन गेम्स और 2028 ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रो लीग में जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल से टीम का मनोबल मजबूत हुआ है और भारत का ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का सपना अवश्य साकार होगा।
ओलंपिक गोल्ड का सपना जरूर होगा पूरा : मनदीप सिंह
भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी मनदीप सिंह ने मनप्रीत सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 413 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना भारतीय हॉकी के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन भारत को विश्व कप और अन्य बड़े टूर्नामेंटों में सफलता दिलाएगा तथा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का सपना भी जल्द पूरा होगा।
समारोह में ये गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर एसएसपी विजिलेंस एवं ओलंपियन हरप्रीत सिंह मंडेर, डिप्टी मेयर मलकीत सुभाना, एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह, ओलंपियन संजीव कुमार, हॉकी पंजाब के सचिव अमरीक सिंह पवार, नवजोत सिंह, सुरिंदर सिंह, ओलंपियन मनदीप सिंह, सरबजीत सिंह साबी, कुलदीप सिंह, जोरावर सिंह, दविंदर संघा, हॉकी खिलाड़ी भूपिंदर सिंह तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी तेजा सिंह सहित खेल एवं प्रशासनिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।



