
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में एक कुएं में एक आवारा कुत्ता और 13 काले हिरण मृत मिले। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी…
शाजापुर : मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में एक कुएं में एक आवारा कुत्ता और 13 काले हिरण मृत मिले। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी। वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) हेमलता शाह ने बताया कि कालापीपल तहसील के खरदौन कलां गांव में किसान राजेश पाटीदार के खेत में कुएं से रविवार को दुर्गंध आने पर परिजनों ने देखा कि उसमें कई जानवरों के सड़े-गले शव पड़े हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा कुएं से मरे हुए 13 काले हिरण (चार नर और नौ मादा) तथा एक कुत्ते को बाहर निकाला गया।
शाह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को सभी मृत जानवरों को दफना दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आवारा कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में काले हिरण कुएं में गिर गए होंगे और कुएं की मुंडेर भी टूटी हुई मिली है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शाजापुर जिले की कालापीपल और शुजालपुर तहसीलों में बड़ी संख्या में काले हिरण पाये जाते हैं।



