
खैरगढ़ कस्बे के एक 20 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना लाइनपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शिवम (20) पुत्र पूरन सिंह, निवासी कस्बा एवं थाना खैरगढ़, मंगलवार सुबह दिल्ली में काम पर जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक उसका भाई उसे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन तक छोड़कर आया था। इसके बाद कुछ ही दूरी पर रेलवे ट्रैक के किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर थाना लाइनपार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना से खैरगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है।



