चंडीगढ़ सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के हर गांव और हर कोने में फिल्म ‘सतलुज’ का प्रदर्शन करेगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां कांग्रेस शासन के दौरान हजारों निर्दोष सिख युवाओं और सिख हस्तियों पर हुए कथित अमानवीय अत्याचारों से अवगत हो सकें।

सुखबीर बादल ने कहा कि यह फिल्म उस दौर की सच्चाई को सामने लाती है, जिसमें उनके अनुसार कांग्रेस शासन के दौरान पवित्र सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पर सैन्य कार्रवाई के बाद भी अत्याचारों का सिलसिला नहीं रुका। उन्होंने आरोप लगाया कि शहीद भाई जसवंत सिंह जी खालड़ा सहित अनेक सिख हस्तियों और हजारों निर्दोष सिख युवाओं को उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि उस दौर में दिल्ली और देश के अन्य शहरों में निर्दोष सिख युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ हुई हिंसा के बाद पंजाब में रोष व्यक्त करने वाले हजारों सिख युवाओं को कांग्रेस सरकार ने कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ों में मौत के घाट उतार दिया।
अकाली दल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अब उस दर्दनाक दौर के इतिहास को भी मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ऐसा कभी नहीं होने देगा और फिल्म ‘सतलुज’ के माध्यम से उस दौर की घटनाओं को पंजाब के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी इतिहास के इस अध्याय से परिचित हो सके।



