IndiaTrendingUttar Pradesh

CM रेखा गुप्ता ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

12.377 किलोमीटर लंबा पूर्णतः भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर दिल्ली की कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन और सतत विकास को देगा नई गति

CM रेखा गुप्ता ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन बनेगी नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर, सात मेट्रो लाइनों से मिलेगा इंटरचेंज

बेहतर सार्वजनिक परिवहन से प्रदूषण कम होगा, ट्रैफिक जाम घटेगा और दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन निर्माण स्थल पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की इंद्रलोकइंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जो इस महत्वपूर्ण परियोजना का पहला निर्माण चरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली की आधारशिला है। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार नागरिकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरणअनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। दिल्ली सरकार भी इसी दृष्टि के अनुरूप राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार एवं दिल्ली मेट्रो के साथ समन्वित रूप से कार्य कर रही है।

मैजेंटा लाइन के सबसे महत्वपूर्ण विस्तार का हुआ शुभारंभ

12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोकइंद्रप्रस्थ कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन का पूरी तरह भूमिगत विस्तार होगा। इस कॉरिडोर पर इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालयआईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ सहित कुल 10 आधुनिक भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। इसके साथ ही इस लाइन पर सबसे अधिक इंटरचेंज और भूमिगत स्टेशन होंगे, जिससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

सात मेट्रो लाइनों से मिलेगा सीधा इंटरचेंज

यह कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से जुड़कर राजधानी की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। इंद्रलोक स्टेशन पर रेड लाइन एवं ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन एवं एयरपोर्ट एक्सप्रेस , दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी।

दिल्ली के प्रमुख संस्थानों तक बेहतर पहुंच

यह नया मेट्रो कॉरिडोर सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, झंडेवालान मंदिर, अरुण जेटली स्टेडियम, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, दिल्ली गेट, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, नेशनल वॉर मेमोरियल और सेंट्रल विस्टा जैसे कई महत्वपूर्ण स्थानों को बेहतर और निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी से जोड़ेगा। इससे सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों और रोज़ाना यात्रा करने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही करोल बाग, देशबंधु गुप्ता रोड, शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी पहले से अधिक मजबूत और सुविधाजनक हो जाएगी।

सराय रोहिल्ला स्टेशन बनेगा महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब

सराय रोहिल्ला स्टेशन इस कॉरिडोर के सबसे महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक होगा। यह स्टेशन मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, करोल बाग बाजार, लिबर्टी सिनेमा, देशबंधु गुप्ता रोड और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेगी।

प्रदूषण नियंत्रण एवं सतत विकास को मिलेगा बल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिक से अधिक नागरिकों के सार्वजनिक परिवहन से जुड़ने पर निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। इससे राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी नई मजबूती मिलेगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी को विश्वस्तरीय, आधुनिक एवं पर्यावरणअनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली उपलब्ध कराना है ताकि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ आवागमन की सुविधा मिल सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply