IndiaRajasthanTrending

एसएमएस आईपीडी टावर परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश

जयपुर
 मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय से एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर की आईपीडी टावर परियोजना एवं इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न निर्माण, वित्तीय, प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी विषयों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

एसएमएस आईपीडी टावर परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि आईपीडी टावर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईपीडी टावर को शीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, मानव संसाधन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पहुंच मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

बैठक में परियोजना की वर्तमान प्रगति, इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज में प्रारंभ की जा चुकी सेवाओं, शेष कार्यों तथा पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग श्रीमती गायत्री ए. राठौड, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग बाबू लाल गोयल, संयुक्त शासन सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. ज्योति चौहान उपस्थित थी। साथ ही अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग श्री आलोक गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण सिद्धार्थ महाजन, प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर एसएमएस मेडिकल कॉलेज डॉ. दीपक माहेश्वरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply