
Image Ai
जमशेदपुर में शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा में बुधवार की रात शराब पिलाकर महिला के साथ दो लोगों ने गैंगरेप किया। इस दौरान विरोध करने पर महिला से मारपीट भी की। पीड़िता का एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, आरोपी का मोबाइल तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें बरामद की गई हैं। साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे डायल 112 के माध्यम से एमजीएम थाना प्रभारी को सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के समीप सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। इसके बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया।
पहले मिर्जाडीह ले गए, फिर सिमुलडांगा
पीड़िता के अनुसार, बुधवार शाम छह बजे ओमप्रकाश और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा उसे डिमना चौक से बाइक पर बैठाकर डिमना लेक के पास मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए। वहां दोनों ने पहले उसे शराब पिलाई और जबरदस्ती का प्रयास किया। इसके बाद वे डिमना चौक पहुंचे, जहां से फिर शराब खरीदी और महिला को भिलाईपहाड़ी एवं सिमुलडांगा के बीच रूपाईडांगा मैदान के पास सुनसान स्थान पर ले गए। यहां दोनों ने महिला को जबरन शराब पिलाई और स्वयं भी पी। इसके बाद दुष्कर्म किया। विरोध पर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे, मुंह, बांह और पीठ पर गंभीर चोटें आई। महिला ने एक आरोपी ओमप्रकाश के चेहरे पर नाखून मार दिया,जो जांच में साक्ष्य साबित हुआ। पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस का दावा है कि छह घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में मुखियाडांगा में रहने वाला ओमप्रकाश (38) व छोटू गैरेज के नाम से पहचाने जाने वाला जितेंद्र कुमार शर्मा (26) शामिल हैं। दोनों बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस को रात 1 बजे 112 नंबर पर मिली सूचना
पुलिस को घटना की सूचना बुधवार रात एक बजे डायल 112 पर मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतलें, तीन प्लास्टिक डिस्पोजल ग्लास बरामद किए। वहीं, आरोपी ओमप्रकाश के किराये के मकान से बाइक और मोबाइल जब्त किया। अभियान का नेतृत्व पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने किया। छापेमारी में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास सहित कई पदाधिकारी थे।



