IndiaTrendingUttar Pradesh

दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबे 4 मासूम, 2 के शव बरामद और अन्य 2 की तलाश जारी

नई दिल्ली : दिल्ली के हिरणकी गांव में ठोकर नंबर24 के पास यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबे 4 मासूम, 2 के शव बरामद और अन्य 2 की तलाश जारी

जानकारी के अनुसार, रविवार को 14 से 15 वर्ष की उम्र के पांच दोस्त यमुना नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और चार बच्चे उसकी चपेट में आ गए। पांचवें बच्चे ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक चारों बच्चे नदी में डूब चुके थे।

घटना की सूचना शाम करीब 7:46 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि अन्य दो बच्चों का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

अंधेरा बढ़ने के कारण रविवार रात करीब 10:30 बजे सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा और लापता बच्चों की तलाश पूरी ताकत से जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी इलाके में एक दिन पहले भी यमुना में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई थी। लगातार दो दिनों में हुए इन हादसों ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि लापता दो बच्चों की तलाश उनकी पहली प्राथमिकता है। शव मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और अभियान जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply