IndiaPunjabTrending

‘बी.टेक. पानी पुरी वाली’ तापसी उपाध्याय विद्या धाम पहुंचीं, मोटापा मुक्त भारत अभियान का दिया संदेश

जालंधर : सोशल मीडिया पर ‘बी.टेक. पानी पुरी वाली’ के नाम से प्रसिद्ध तापसी उपाध्याय सोमवार को विद्या भारती पंजाब प्रांत कार्यालय विद्या धाम पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपने राष्ट्रव्यापी ‘मोटापा मुक्त भारत अभियान’ के अनुभव साझा करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, योग और संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया।

‘बी.टेक. पानी पुरी वाली’ तापसी उपाध्याय विद्या धाम पहुंचीं, मोटापा मुक्त भारत अभियान का दिया संदेश

कार्यक्रम में विद्या भारती पंजाब के संगठन मंत्री श्री राजेंद्र कुमार, सर्वहितकारी प्रकाशन समिति के महामंत्री श्री मनीष, प्रांत कार्यालय प्रमुख डॉ. अखिलेश्वर सिंह अरोड़ा, सर्वहितकारी प्रकाशन समिति के संयोजक श्री नरेंद्र शर्मा तथा प्रांत कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उनका आत्मीय स्वागत किया और अभियान के उद्देश्य तथा अब तक की यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

तापसी उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने 9 मार्च 2025 को मोटापा मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया था। पिछले 16 महीनों में वह देश के 25 राज्यों की यात्रा करते हुए लगभग 28 हजार किलोमीटर का सफर तय कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने 800 से अधिक विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों को मोटापे से बचाव, नियमित योग, संतुलित भोजन तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य देशभर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। यह अभियान विश्व का सबसे बड़ा मोटापा मुक्त भारत अभियान बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रहित में अत्यंत प्रेरणादायी पहल बताया तथा इसकी सफलता और मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

तापसी उपाध्याय ने बताया कि उनके इस राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान का समापन 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में होगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply