
वाशिम: महाराष्ट्र के वाशिम जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चलती कार में ही उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय दंपति के तीनों बच्चे भी कार में मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपी पत्नी का शव कार में लेकर कई घंटों तक घूमता रहा और बाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
सफर के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी सलमान खान अपनी पत्नी हसीना बानो और तीन बच्चों के साथ कार से सफर कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता था।
चलती कार में किया हमला
आरोप है कि बहस के दौरान गुस्से में आकर पति ने कार के भीतर लोहे की रॉड से पत्नी पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसने हमला नहीं रोका। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी का गला भी घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस पूरी घटना के दौरान दंपति के तीनों बच्चे कार में मौजूद थे और अपनी मां को बचाने में असहाय रहे।
शव लेकर घंटों घूमता रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव को कार में रखकर कई घंटों तक अलग-अलग स्थानों पर घूमता रहा। बाद में वह महाराष्ट्र के वाशिम जिले पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।



