IND vs ENG: टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींच लिया।

Who is Gurnoor Brar? भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है और पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया को एक नया हीरो मिल गया। युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अपने पहले वनडे मैच में शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड की मजबूत शुरुआत को पल भर में बिखेर दिया। शुरुआत में महंगे साबित होने के बावजूद उन्होंने जिस अंदाज में मैच में वापसी की, उसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
शुभमन गिल ने टॉस के समय गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का ऐलान किया था। शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड के बल्लेबाज उन पर हावी हो जाएंगे, लेकिन बरार ने हिम्मत नहीं हारी और एक ही ओवर में दो बड़े विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदल दिया। उनके इस प्रदर्शन के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर गुरनूर बरार हैं कौन।
शुरुआत में पड़े महंगे, फिर एक ओवर में पलट दिया मैच
इंग्लैंड की ओर से बेन डकेट और जैकब बेथेल ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। कप्तान शुभमन गिल ने आठवें ओवर में गुरनूर बरार को गेंद थमाई, लेकिन उनके पहले ओवर में बेन डकेट ने एक चौका और दो छक्कों समेत 16 रन बटोर लिए। अगले ओवर में भी बरार ने 10 रन खर्च किए। हालांकि 13वें ओवर में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए दूसरी गेंद पर जैकब बेथेल और चौथी गेंद पर बेन डकेट को आउट कर इंग्लैंड की सलामी जोड़ी को पवेलियन भेज दिया। एक ही ओवर में दो विकेट लेकर उन्होंने भारत की मैच में शानदार वापसी कराई।
2 WICKETS IN AN OVER FOR GURNOOR BRAR. 🔥
Gurnoor, A special talent. pic.twitter.com/HTLSKmI2zt
— Tanuj July 14, 2026
कौन हैं Gurnoor Brar?
गुरनूर बरार का जन्म पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में हुआ है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर अपनी लंबाई और अतिरिक्त उछाल के लिए पहचाने जाते हैं। करीब 6 फीट 5 इंच लंबे बरार अपनी तेज रफ्तार और बाउंस से बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता रखते हैं। वह नियमित रूप से 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के आसपास गेंदबाजी करते हैं, जो उन्हें भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का एक खास विकल्प बनाती है।
नेट गेंदबाज से टीम इंडिया तक का सफर
गुरनूर बरार का सफर काफी संघर्षभरा रहा है। साल 2019 में वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए नेट गेंदबाज के रूप में जुड़े थे। इसके बाद 2022 में उन्होंने पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया और लगातार शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। बाद में वह आईपीएल में गुजरात टाइटंस के सेटअप का भी हिस्सा रहे। घरेलू क्रिकेट में लगातार विकेट लेने की बदौलत उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली और अब उन्होंने अपने पहले ही वनडे में प्रभाव छोड़ दिया।



