बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जून 2025 में हुई भगदड़ मामले में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पूर्व पुलिस आयुक्त बी. दयानंद समेत तीन आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ चल रही विभागीय जांच समाप्त करते हुए उन्हें क्लीन चिट दे दी है।

4 जून 2025 को आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक खिताबी जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे।
हादसे के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने जिम्मेदारी तय करते हुए तत्कालीन पुलिस आयुक्त बी. दयानंद, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार विकास, तत्कालीन डीसीपी शेखर, एक सहायक पुलिस आयुक्त और एक पुलिस निरीक्षक को निलंबित कर दिया था।
मंगलवार को जारी सरकारी आदेश में कहा गया कि संबंधित अधिकारियों के स्पष्टीकरण और प्रशासनिक विभाग की राय की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने उनके खिलाफ विभागीय जांच समाप्त करने का निर्णय लिया है। सूत्रों के मुताबिक, निलंबित एसीपी और पुलिस इंस्पेक्टर के मामलों में भी जल्द फैसला लिया जा सकता है।
हाई कोर्ट में सरकार ने RCB प्रबंधन को ठहराया था जिम्मेदार
भगदड़ की घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने हाई कोर्ट में दाखिल अपनी स्टेटस रिपोर्ट में हादसे के लिए मुख्य रूप से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया था। इस मामले को लेकर उस समय राज्यभर में व्यापक राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद भी हुआ था।



