India

कार बाजार में SUV की बादशाहत, स्कूटर ने भी बाइक को छोड़ा पीछे

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार ने वित्त वर्ष 202627 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2026 तक की बिक्री में नया रिकॉर्ड बनाया है. इस दौरान कार और टूव्हीलर दोनों की बिक्री में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे खास बात यह रही कि कार बाजार में SUV का दबदबा और मजबूत हो गया, जबकि टूव्हीलर सेगमेंट में स्कूटर की बिक्री मोटरसाइकिल से ज्यादा तेजी से बढ़ी.

कार बाजार में SUV की बादशाहत, स्कूटर ने भी बाइक को छोड़ा पीछे

हर 100 में से 68 ग्राहकों ने खरीदी SUV

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जून 2026 के बीच भारत में 12,73,811 पैसेंजर व्हीकल बिके. पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 10,11,884 यूनिट था. यानी इस बार बिक्री में करीब 26% की बढ़ोतरी हुई. इस दौरान सबसे ज्यादा मांग SUV की रही. कुल पैसेंजर व्हीकल बिक्री में 68% हिस्सेदारी SUV की रही. तीन महीने में 8,61,918 SUV बिकीं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 29% ज्यादा हैं. वहीं, हैचबैक और सेडान जैसी पैसेंजर कारों की बिक्री भी बढ़ी. इस सेगमेंट में 3,67,549 कारें बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 21% ज्यादा हैं. अगर सिर्फ जून 2026 की बात करें, तो इस महीने 3,88,144 पैसेंजर व्हीकल बिके. यह जून 2025 के मुकाबले 24% अधिक है.

विदेशों में भी बढ़ी भारतीय कारों की मांग

भारतीय कारों की विदेशों में भी अच्छी मांग देखने को मिली. अप्रैलजून के दौरान 2.22 लाख पैसेंजर व्हीकल निर्यात किए गए, जो पिछले साल की तुलना में 8.8% ज्यादा हैं. ऑटो इंडस्ट्री के मुताबिक, लैटिन अमेरिका, यूरोप और जापान में भारतीय कारों की मांग बढ़ने से निर्यात में तेजी आई. हालांकि, मध्यपूर्व में चल रहे तनाव की वजह से वहां निर्यात पर कुछ असर पड़ा.

स्कूटर की बिक्री ने मारी बाजी

टूव्हीलर बाजार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. अप्रैल से जून 2026 के बीच भारत में 56.28 लाख टूव्हीलर बिके, जो पिछले साल के मुकाबले 20% ज्यादा हैं. इस दौरान स्कूटर की बिक्री सबसे तेजी से बढ़ी. तीन महीने में 21.78 लाख स्कूटर बिके, जो पिछले साल की तुलना में करीब 31% ज्यादा हैं. वहीं, मोटरसाइकिल की बिक्री 33.08 लाख यूनिट रही. इसमें भी बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह सिर्फ 14% रही. यानी इस बार स्कूटर की मांग मोटरसाइकिल से ज्यादा तेजी से बढ़ी. SIAM का कहना है कि पिछले साल त्योहारों के दौरान GST में हुई कटौती का फायदा अब भी बाजार को मिल रहा है, जिसकी वजह से स्कूटर की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली.

टूव्हीलर एक्सपोर्ट में भी रिकॉर्ड

भारतीय टूव्हीलर की विदेशों में भी मांग बढ़ रही है. पहली तिमाही में 15.5 लाख टूव्हीलर एक्सपोर्ट किए गए, जो पिछले साल की तुलना में 36.6% ज्यादा हैं. खासकर लैटिन अमेरिका, दक्षिण एशिया और अफ्रीका में भारतीय दोपहिया वाहनों की अच्छी मांग रही.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply