स्टेशन खालसाई वास्तुकला और विरासत का अनोखा प्रतीक बनेगा: डॉ. सुभाष शर्मा

कहा, भाजपा चुनाव के दौरान किए सारे वायदे निभा रही है
श्री आनंदपुर साहिब : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के 75 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प का वर्चुअल उद्घाटन कर एक नया इतिहास रच दिया है। केंद्र सरकार की ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पंजाब के पवित्र शहर श्री आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशन को भी इस बड़ी सौगात में शामिल किया गया है। इस खास मौके पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने इसे राज्य के विकास में एक बड़ा मील का पत्थर बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का दिल से आभार जताया। डॉ. शर्मा ने कहा कि 29 करोड़ रुपए की भारी लागत से तैयार हो रहा यह रेलवे स्टेशन अब खालसाई वास्तुकला और हमारी महान विरासत का अनोखा प्रतीक बनेगा, जिसे देखते ही हर श्रद्धालु को इस पावन धरती की महानता का अहसास होगा।
डॉ. सुभाष शर्मा ने जनसभा में जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा चुनाव के दौरान किए गए अपने हर वादे को पूरी ईमानदारी से निभा रही है। उन्होंने पंजाब के युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि मोहाली में स्थित सेमीकंडक्टर लैब के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने 4500 करोड़ रुपये की बड़ी राशि मंजूर कर दी है। इस ऐतिहासिक फैसले से पंजाब में चिप मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव आएगा और तकनीकी विकास के साथसाथ राज्य के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के ढेरों नए अवसर पैदा होंगे।
संबोधन के दौरान डॉ. सुभाष शर्मा ने क्षेत्र के लोगों की एक और बड़ी और पुरानी मांग पूरी होने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि रेलवे मंत्रालय ने नंगल में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज को आधिकारिक मंजूरी दे दी है, जिससे अब स्थानीय लोगों और यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि नंगल में स्थित नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड प्लांट का भी बहुत जल्द विस्तार किया जाएगा, जिससे इलाके के हजारों नौजवानों के लिए नौकरी के नए रास्ते खुलेंगे।
डॉ. शर्मा ने जनता को आश्वस्त किया कि विकास का यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। श्री आनंदपुर साहिब और मोहाली के बाद, केंद्र सरकार की अगली अमृत भारत योजना में पवित्र शहर श्री कीरतपुर साहिब रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि ये सभी ऐतिहासिक योजनाएं पंजाब के सुनहरे भविष्य की एक बेहद मजबूत नींव हैं।



