IndiaTrending

ट्रेजरी घोटाले की जांच ने लिया नया मोड़, 26 लाख के मामले में फुटबॉलर का बैंक अकाउंट भी जांच के दायरे में..

ट्रेजरी घोटाले की जांच ने लिया नया मोड़, 26 लाख के मामले में फुटबॉलर का बैंक अकाउंट भी जांच के दायरे में..

द फॉलोअप डेस्क चाईबासा ट्रेजरी से 26.21 लाख रुपये की कथित अवैध निकासी के मामले की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। अब इस मामले में राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेल चुके खिलाड़ी गोराचंद मरांडी का बैंक खाता भी जांच एजेंसियों की पड़ताल के दायरे में आ गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बैंक लेन-देन की जांच की जा रही है और किसी भी व्यक्ति की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

सीआईडी की जांच में सामने आए बैंकिंग रिकॉर्ड के अनुसार मामले के मुख्य आरोपी माने जा रहे चाईबासा एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात सिपाही देव नारायण मुर्मू के खाते से गोराचंद मरांडी के बैंक खाते में करीब 1.67 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसी ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच एजेंसियां राशि के स्रोत, उद्देश्य और पूरे लेन-देन की कड़ी की जांच कर रही हैं।

सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा से छेड़छाड़ शुरूआती जांच में पाया गया कि एसपी कार्यालय के डीडीओ कोड का कथित तौर पर दुरुपयोग कर सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा में छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि कई बैंक खातों को मल्टीपल पेयी के रूप में दर्ज कर कुल 26,21,717 रुपये अलग-अलग खातों में भेजे गए। जांच अधिकारियों के अनुसार जिन खातों में रकम पहुंची है उनकी पहचान की जा रही है और सभी संदिग्ध ट्रांजैक्शनों का मिलान किया जा रहा है।

इसी प्रक्रिया में गोराचंद मरांडी का बैंक खाता भी जांच के दायरे में शामिल हुआ है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संबंधित राशि किस उद्देश्य से भेजी गई थी और उसका आगे क्या उपयोग हुआ।

संतोष ट्रॉफी में झारखंड का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व

गोराचंद मरांडी मूल रूप से ओडिशा के मयूरभंज जिले के निवासी हैं। वे झारखंड की ओर से संतोष ट्रॉफी में खेल चुके हैं। इसके अलावा वे जमशेदपुर फुटबॉल लीग और टाटा मोटर्स की टीम से भी जुड़े रहे हैं तथा स्थानीय फुटबॉल जगत में एक पहचान रखते हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि बैंक खातों, फंड ट्रांसफर और इससे जुड़े सभी व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply