Himachal PradeshIndiaTrending

हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, चंबा में चलती गाड़ी पर दरका पहाड़; मौत के मुंह से बचे वाहन सवार

चंबा हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। चंबा जिले के चुवाड़ीभराड़ी मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण भूस्खलन ने सड़क का बड़ा हिस्सा बहा दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार अचानक मलबे की चपेट में आ गई और बीच सड़क पर फंस गई। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, चंबा में चलती गाड़ी पर दरका पहाड़; मौत के मुंह से बचे वाहन सवार

सड़क का बड़ा हिस्सा खाई में समाया

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा सड़क पर आ गिरा। भूस्खलन इतना तेज था कि सड़क का बड़ा हिस्सा टूटकर गहरी खाई में समा गया। घटना के बाद चुवाड़ीभराड़ी मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जेसीबी की मदद से निकाला गया फंसा वाहन

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने तुरंत दो जेसीबी मशीनों को राहत कार्य में लगाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में फंसी कार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके साथ ही सड़क से मलबा हटाने और मार्ग को दोबारा चालू करने का अभियान तेज कर दिया गया है।

यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी

मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों के साथसाथ लंबी दूरी के यात्रियों को भी घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। जरूरी काम से निकले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

PWD ने जल्द मार्ग बहाल करने का दिया भरोसा

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण राहत कार्य में दिक्कत आ रही है, लेकिन मशीनों की मदद से युद्ध स्तर पर काम जारी है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि मौसम सामान्य होते ही मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply