नई दिल्ली दिल्ली के जंतरमंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके पर एक महिला ने कथित तौर पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को हिरासत में लेकर वहां से हटाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद दीपके ने संभाला मोर्चा
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद जंतरमंतर पर जारी आंदोलन की जिम्मेदारी अभिजीत दीपके ने संभाली और अनशन पर बैठ गए। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
अचानक हुई स्याही फेंकने की घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान एक महिला अचानक मंच के पास पहुंची और अभिजीत दीपके पर स्याही फेंक दी। घटना के तुरंत बाद वहां कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया।
महिला ने लगाए नारे, मारपीट का लगाया आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला पुलिस की सुरक्षा के बीच नजर आई। वीडियो में वह ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए अपने साथ मारपीट होने का दावा करती दिखाई दे रही है। हालांकि, उसके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल महिला की पहचान और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
सोनम वांगचुक को अस्पताल में कराया गया था भर्ती
इससे पहले शनिवार तड़के, अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने चिकित्सकीय सलाह और अदालत के निर्देशों के अनुरूप सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके कुछ घंटों बाद जंतरमंतर पर स्याही फेंकने की यह घटना सामने आई।



