CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

रंजिश का खूनी खेल! उज्जैन में चली गोलियां, भाजपा नेता के भतीजे समेत दो लोगों की मौत..

रंजिश का खूनी खेल! उज्जैन में चली गोलियां, भाजपा नेता के भतीजे समेत दो लोगों की मौत..

उज्जैन  : मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुरानी रंजिश ने शनिवार रात खूनी रूप ले लिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र के जूना अखाड़ा चौराहे पर दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दो गुटों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट, तलवारबाजी और फायरिंग हुई। इस हमले में भाजपा नेता के भतीजे लोकेश गोरकर की मौत हो गई थी, जबकि रविवार सुबह इलाज के दौरान उनके भाई जय गोरकर ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हमले में परिवार के दो अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

लाठी-डंडों और तलवारों के बाद हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। शुरुआत में दोनों ओर से लाठी-डंडे, तलवार और पत्थर चले। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है।

एक गोली लोकेश गोरकर के सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंचे उनके भाई जय गोरकर, तपन गोरकर और ताऊ दिलीप गोरकर भी हमले में घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रविवार सुबह जय गोरकर की मौत हो गई।

होली के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश

एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि गोरकर और पासी परिवार के बीच होली के दौरान एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आपसी रंजिश बनी रही।

पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

इलाके में पुलिस बल तैनात, जांच जारी

घटना के बाद जूना अखाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply