
सिन्दुरिया थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना सिन्दुरिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m), 137(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(एल)/6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के परसमीर गांव स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास से आरोपी साहिब उर्फ असर अली (19 वर्ष), निवासी ग्राम खरखोड़ा, थाना सिन्दुरिया को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह एवं कांस्टेबल राकेश यादव की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
.



