CrimeIndiaTrending

500 रुपये गुम हुए तो छात्राओं से उतरवाए कपड़े? सरकारी स्कूल में बवाल, शिक्षिका पर तत्काल कार्रवाई…

500 रुपये गुम हुए तो छात्राओं से उतरवाए कपड़े? सरकारी स्कूल में बवाल, शिक्षिका पर तत्काल कार्रवाई…

सवाई माधोपुर, राजस्थान: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आई घटना ने लोगों को झकझोर दिया। आरोप है कि एक महिला शिक्षिका के 500 रुपये गायब होने के बाद छात्राओं पर चोरी का शक किया गया और उनकी गरिमा का उल्लंघन करने वाली तलाशी लेने की कोशिश की गई। मामले के सामने आते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

मामला बामनवास उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लिवाली का है। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि वरिष्ठ अध्यापिका सरस्वती मीणा के 500 रुपये गायब हो गए थे। इसके बाद उन्होंने छात्राओं पर संदेह जताते हुए उनकी तलाशी लेने का प्रयास किया।

आरोप यह भी है कि छात्राओं से कहा गया कि जो तलाशी नहीं देना चाहती, वह 500 रुपये जमा करे। इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और मुख्य द्वार पर धरना देकर शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन में स्कूल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हो गए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मामले की सूचना शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा के आदेश पर वरिष्ठ अध्यापिका सरस्वती मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राजाखेड़ा (धौलपुर) निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा शिक्षा विभाग ने इस पूरे मामले में अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच के आदेश दिए हैं। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

नोट: छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और कपड़े उतरवाने के आरोप शिकायतों पर आधारित हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अंतिम तथ्य जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply