
बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार की सुबह-सुबह अपराधियों ने तांडव मचाया है। यहां अपराधियों ने स्कूल जा रही एक छात्रा को बीच सड़क पर गोली मार दी है। छात्रा को बीच सड़क पर तीन गोलियां मारी गई हैं। इस वारदात के बाद छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा को अभी एक दिन पहले ही धमकी दी गई थी कि अगर उसने शादी नहीं की तो उसे गोली मार दी जाएगी। इसके बाद छात्रा को अगले ही दिन गोली मारकर ही मौत के घाट उतार दिया गया। इस वारदात को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस को भी खुलेआम चुनौती दे दी है।
मृतक छात्रा की पहचान कैजिय गांव के वार्ड संख्या 14 में रहने वाले उमेश ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी के तौर पर हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिल क वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में ही छात्रा को गोली मारी गई है। कहा जा रहा है कि सुबह के वक्त छात्रा घर से अपने स्कूल जाने के लिए निकली थी लेकिन रास्ते में बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मार दी। छात्रा को मलंग स्थान के पास गोली मारी गई है।
इधर सड़क पर स्कूल ड्रेस में लड़की का शव देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। इधर सूचना मिलते ही पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंची थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की की सरेराह हत्या के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा है और माहौल तनावपूर्ण बनाा हुआ है। इधर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड को लेकर अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की के पिता ने बताया है कि इस वारदात से एक दिन पहले ही लड़की को एक लड़के ने धमकी दी थी कि मुझसे शादी कर लो नहीं तो गोली मार दूंगा। बताया जा रहा है कि पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी। एफएसएल की टीम ने भी जांच कर सबूत जुटाए हैं। अब पुलिस हत्या में शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुटी हुई है।



