
बिहार के मुजफ्फरपुर से हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पटना के एक होटल संचालक को कथित तौर पर नौकरी के बहाने जाल में फंसाकर उनकी तस्वीरों का एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से आपत्तिजनक रूप तैयार किया गया। इसके बाद बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर बड़ी रकम की मांग की गई।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पहले 15 लाख रुपये लिए। बाद में दबाव बढ़ाते हुए कुल 97 लाख रुपये की रकम कथित तौर पर वसूल ली। हालांकि, होटल संचालक ने भी सूझबूझ दिखाते हुए नकदी की एक गड्डी में इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकर छिपा दिया, जिससे आरोपियों की लोकेशन का पता चल सका।
बताया जा रहा है कि होटल में नौकरी करने आई एक युवती ने पहले होटल संचालक से नजदीकियां बढ़ाईं। बाद में उसने उनकी तस्वीरें अपने कथित प्रेमी और उसके साथी को दे दीं। आरोप है कि तीनों ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
ट्रैकर की मदद से जैसे ही आरोपी रकम लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचे, उनकी लोकेशन सामने आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर पर छापेमारी की और वहां से लगभग 20 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी और उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने बरामद रकम को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर जांच जारी है तथा सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



